गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र में पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मानसिक रूप से कमजोर युवक अभिनंदन को दो साल बाद उसके परिवार से मिलाया। चेकिंग अभियान के दौरान मिले युवक की पहचान कर पुलिस ने परिजनों को सौंपा, बेटे को देखकर पिता भावुक हो उठे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
गाजियाबाद में मसूरी पुलिस ने एक मानवीय पहल करते हुए दो साल से बिछड़े एक युवक को उसके परिवार से मिला दिया है। युवक मानसिक रूप से कमजोर था और रास्ता भटक गया था। परिजनों ने पुलिस के इस कार्य को किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।
विज्ञापन
पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में थाना प्रभारी अजय चौधरी के नेतृत्व में एक पुलिस दल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान निगरावटी चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह सेंगर को ग्राम आकलपुर क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में भटकता हुआ मिला। शुरुआती पूछताछ में युवक काफी घबराया हुआ था और वह केवल अपना नाम अभिनंदन बता पा रहा था। पुलिस दल ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे भरोसा दिलाया और सांत्वना दी। इसके बाद अभिनंदन ने बताया कि वह महेशपुर, जिला धनबाद, झारखंड का निवासी है।
विज्ञापन
जांच में पता चला कि अभिनंदन मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है। वह दो साल पहले रोजगार की तलाश में गुजरात गया था। वहां से वह कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज चला गया, जहां वह रास्ता भटक गया। पिछले दो वर्षों से वह दर-दर भटक रहा था, लेकिन अपने घर नहीं पहुंच सका।
चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह सेंगर ने तत्काल झारखंड पुलिस और स्थानीय लोगों से संपर्क साधा। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के परिजनों का पता लगा लिया गया। सूचना मिलते ही अभिनंदन के पिता दशरथ प्रसाद तिवारी और उनके जीजा रामअवतार चौबे मसूरी थाने पहुंचे। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने अभिनंदन को उनके परिजनों को सौंप दिया।
दो साल बाद अपने बेटे को जीवित और सुरक्षित सामने देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्र में काफी प्रशंसा हो रही है। खाकी के इस मानवीय चेहरे की हर तरफ सराहना की जा रही है।