गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र के सिहानी में गुरुवार दिन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला नर्स के आत्महत्या की खबर पूरे इलाके में फैल गई।
जानकारी के अनुसार नंदग्राम क्षेत्र के सिहानी में हेमलता(30) ने आत्महत्या कर ली। वह दिल्ली के एक अस्पताल में नर्स थी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे हेमलता के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
हेमलता के परिजनों ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले से संबंधित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
हेमलता की शादी मार्च 2013 में नूरनगर सिहानी के विकास कुमार से हुई थी। हेमलता के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से उसके ससुराल के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि कुछ समय से उसके पति, सास-ससुर और देवर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
उनका कहना है कि बुधवार रात उसके ससुरालियों ने उसकी पिटाई करके हत्या कर दी। गुरुवार सुबह उन्हें इसकी सूचना मिली। परिजनों ने डीजीपी लखनऊ को शिकायत पत्र लिखा है। नंदग्राम थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।