सिर पर वारकर की महिला की हत्या, पोस्टमार्टम में खुलासा
लोनी। गढ़ी कटैया गांव के पास सड़क किनारे एक महिला का शव बोरे में फेंकने के मामले में रविवार को महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। महिला के सिर पर वारकर उसे मौत के घाट उतारा गया था। पुलिस महिला की शिनाख्त के लिए आसपास जनपदों के थानों से संपर्क कर रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
लोनी कोतवाली एसएचओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में महिला के सिर में चोट लगने से हत्या करना सामने आया है। महिला के शरीर पर चोट के भी निशान हैं। वहीं शनिवार शाम को महिला का पोस्टमार्टम हुआ है। पोस्टमार्टम के करीब 18 घंटे पहले मौत होना पाया गया है। आशंका है कि महिला की मौत किसी ने शुक्रवार रात को की है। एसएचओ ने बताया कि महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। लोनी, गाजियाबाद, दिल्ली, बागपत समेत आसपास इलाकों के थानों में महिला के फोटो भेजकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।
वहीं आसपास इलाकों के थानों, ऑटो, बस समेत सार्वजनिक स्थानों पर महिला की शिनाख्त के लिए फोटो लगे पोस्टर चस्पा किए हैं। एसएचओ ने बताया कि महिला की शिनाख्त होने पर मामले का खुलासा होगा। पुलिस गढ़ी कटैया गांव के आसपास रात के समय चले मोबाइलों का डाटा एकत्रित कर रही है।
ये था मामला
शनिवार सुबह गढ़ी कटैया गांव के पास सड़क किनारे एक बोरे में महिला का शव मिला था। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की थी, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी थी।