इंदिरा कॉलोनी में 51 घंटे से गुल
बिजली, जीटी रोड किया जाम
साहिबाबाद। साहिबाबाद की इंदिरा कॉलोनी में 51 घंटे तक बिजली नहीं मिलने से गुस्साए लोगों ने रविवार को जीटी रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने सड़क पर ही पेड़ और पत्थर डालकर विरोध किया। शुक्रवार शाम आंधी के दौरान कॉलोनी का एक बड़ा पेड़ टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर गया। इससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया और तीन-चार खंभे भी टूट गए। जिस कारण लोगों को 51 घंटे तक बिजली नहीं मिली। सड़क की जाम की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों के समझाकर मामला शांत कराया। उधर, लोगों ने बिजली ना मिलने की वजह से जनरेटर चलाकर पानी का इंतजाम किया। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे सप्लाई चालू हुई।
यहां भगवान दास ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आंधी और बारिश आने के दौरान बिजली चली गई। इसी दौरान एक बड़ा पेड़ ट्रांसफार्मर पर गिर गया। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी आड़ में कालोनी के तीन-चार खंभे भी टूट गए। लोगों ने इसकी शिकायत विद्युत विभाग को दी। आरोप है कि विभाग के कर्मचारियों ने बड़ी धीमी गति से काम किया। दिनभर में भी उन्हें पेड़ हटाने में सफलता नहीं मिली। शनिवार को दिनभर मेंटेनेंस का काम चला। रविवार को नए खंभे और ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू हुआ। लेकिन दोपहर तक बिजली ना मिलने से लोगों का गुस्सा फूट गया। कालोनी के लोग इकट्ठा हुए जीटी रोड पर पेड़ के कटे हिस्से को डाल कर जाम लगा दिया। काफी देर तक सड़क जाम के दौरान लोगों ने नारेबाजी की। इसकी सूचना विद्युत विभाग के अधिकारी और साहिबाबाद पुलिस को मिली। मौके पर थाने की पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाकर हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने लोगों से मामले में कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत मांगी। इसके कुछ देर बाद लोग शांत होकर कालोनी में चले गए। विद्युत अधिकारियों ने भी लोगों को जल्द बिजली सप्लाई देने का भरोसा दिया। बताया गया कि विद्युत निगम ने रात करीब साढ़े नौ बजे मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद सप्लाई चालू की।