सचिन पायलट के नाना के भाई पूर्व विधायक की कोरोना से मौत
लोनी। कांग्रेस नेता सचिन पायलट के नाना के भाई और खेकड़ा के पूर्व विधायक नेपाल सिंह कसाना की बृहस्पतिवार रात कोरोना से मौत हो गई। वह लोनी के शकलपुरा गांव स्थित अपने घर पर आइसोलेट थे। परिवार के चंद लोगों ने गांव स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया।
नेपाल सिंह की मौत के बाद सचिन पायलट ने परिवार के लोगों से फोन पर बात की। परिवार के अन्य लोग भी कोरोना संक्रमित हैं, जिन का इलाज चल रहा है। सचिन पायलट के नाना नैन सिंह लोनी के शकलपुरा गांव में रहते थे। इनके भाई नेपाल सिंह भी उन्हीं के साथ गांव में रहते थे। नेपाल सिंह कसाना 1969 में बीकेडी पार्टी से लोनी खेकड़ा के विधायक बने थे। कुछ वर्ष पूर्व नैन सिंह की मौत हो गई थी। वहीं 90 वर्षीय पूर्व विधायक नेपाल सिंह कोरोना से संक्रमित हो गए थे। उन्होंने अपने आप को घर में ही आइसोलेट कर लिया था। बृहस्पतिवार रात उन्होंने अपने घर में अंतिम सांस ली। नेपाल सिंह की मौत के बाद सचिन पायलट ने परिवार के लोगों से फोन पर बात कर संवेदना दी। गांव के प्रधान रवि कुमार ने बताया कि नेपाल सिंह के परिवार के दो से 3 लोग और संक्रमित हैं। नेपाल सिंह के एक पोते को नोएडा के जेपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।