कार की टक्कर से सफाईकर्मी की मौत
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के एनएच नौ पर सफाई कर्मी को शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
संजय (42) डिडौली मुरादनगर में परिवार के साथ रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, वह एनएचएआई में सफाई कर्मी थे। रोज की तरह शुक्रवार रात को वह इंदिरापुरम के शिप्रा सनसिटी चौकी क्षेत्र के एनएच नौ पर अंडरपास के पास सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वहां तेज रफ्तार आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास लोगों की भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे संदीप कुमार की ओर से कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश जारी है।
हादसे में घायल की इलाज के दौरान मौत
26 मार्च को सड़क हादसे में घायल हुए दीपक की इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। 30 अप्रैल को परिजनों ने इंदिरापुरम थाने पहुंचकर मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।