राजस्थान में राकेश टिकैत पर हमले के बाद किसानों ने एनएच-9 किया बंद
साहिबाबाद। राजस्थान में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पर हमले की सूचना के बाद किसानों ने यूपी गेट पर एनएच-9 को पौने दो घंटे जाम कर दिया। गुस्साए किसानों ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर नारेबाजी शुरू की। इस दौरान दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के दौरान कुछ किसानों की वाहन चालकों से तीखी नोकझोंक भी हुई मगर भाकियू पदाधिकारियों ने वाहन चालकों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। सूचना पर एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह और सीओ अंशु जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों ने राकेश टिकैत को सुरक्षा देने की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने शाम करीब सवा छह बजे जाम खोल दिया।
भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि यूपी गेट पर आंदोलनकारियों को राकेश टिकैत पर हमले की जानकारी मिली तो किसानों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन को बंद कर दिया। किसान सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। महिलाएं भी सड़क पर दरी बिछाकर बैठ गईं और सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर करने लगीं। युवा किसान गाड़ियों के आगे बैठ गए। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। दिल्ली से गाजियाबाद आ रहे वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। धर्मेंद्र मलिक के मुताबिक, राकेश टिकैत से बातचीत के बाद किसानों ने शाम करीब सवा छह बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का जाम खोल दिया। जाम के दौरान एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह और सीओ अंशु जैन, कौशांबी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस के बल के साथ एनएच-9 पर पहुंचे। वहां किसानों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह जादौन का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट किया कि राकेश टिकैत की सुरक्षा को पुख्ता की जाए। सरकार से इस बारे में बातचीत कर भाकियू को सुरक्षा के बारे में बताया जाए। इस आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया।
मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक का कहना है कि राकेश टिकैत राजस्थान में किसान महापंचायत करने जा रहे थे। वहां ततारपुर चौराहे पर अचानक कई गाड़ियों में सवार लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमला करने वाली गाड़ियों में भाजपा समर्थित कुछ लोग बैठे थे। हमलावरों ने राकेश टिकैत के काफिले पर पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला किया। हालांकि समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों की वजह से राकेश टिकैत सुरक्षित हैं, मगर अरविंद चोटिल हो गए। बताया कि हमलावर जिस एसयूवी कार को मौके पर छोड़कर भागे हैं, वह छात्र संघ अध्यक्ष कुलदीप यादव की बताई गई है। वह प्रदेश में भाजपा के एक बड़े नेता का करीबी बताया गया है। धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि राकेश टिकैत ने जारी बयान में किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही भाजपा नेताओं को सख्त लहजे में कहा कि पार्टी के लोग यदि किसान पर हमला करेंगे तो भाजपा के विधायक और सांसद भी सड़कों पर नहीं निकलने दिए जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने भी राकेश टिकैत पर हुए हमले की घोर निंदा की है। पदाधिकारी इस मामले में बैठक कर जल्द निर्णय लेंगे।
गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि यह सिर्फ राकेश टिकैत पर ही नहीं, बल्कि देश की पूरी किसान और मजदूर बिरादरी पर हमला है। उनका कहना है कि सरकार अब पूरी तरह तानाशाही पर उतर चुकी है जो आंदोलन को खत्म कराने के लिए हथकंडे अपना रही है। मगर देश की किसान व मजदूर बिरादरी इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।