रूम मेट ने ही इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर दी एसिड अटैक की धमकी
साहिबाबाद। इंदिरापुरम की एक कॉलोनी निवासी युवती को उसकी रूम मेट ने ही इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एसिड अटैक की धमकी दी थी। सहेलियों के बीच बर्तन और पोछा करने को लेकर झगड़ा हुआ था। परेशान करने के लिए सहेली ने साजिश रची। इंदिरापुरम पुलिस और साइबर सेल ने मामले का खुलासा किया है। पीड़िता ने कार्रवाई से इंकार कर दिया है। आरोपी सहेली को थाने से जमानत मिल गई है। इंदिरापुरम पुलिस ने युवती को नोटिस दिया है।
इंदिरापुरम की एक कॉलोनी निवासी युवती ने आठ मार्च को इंदिरापुरम थाने में इंस्टाग्राम पर एसिड अटैक और जान से मारने की धमकी मिलने की एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसे इंस्टाग्राम पर धमकी भरे मेसेज आ रहे हैं। अज्ञात आरोपी ने उसे घर से निकलने से मना किया है। साथ ही काले सूट में सुंदर दिखने और बाहर नहीं जाने की बात कही थी। मेसेज में अंग्रेजी में लिखा था कि वह उसके आसपास ही है। इंदिरापुरम पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। पुलिस ने जांच की तो मामले में पीड़िता की रूम मेट ही आरोपी निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पंजाब की एक यूनिवर्सिटी से एक साथ टूरिज्म का कोर्स किया था। इसके बाद दिल्ली में एक साथ ट्रेनिंग की थी। तभी से दोनों इंदिरापुरम की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थीं। पुलिस के मुताबिक दोनों में बर्तन मांजने और पोछा लगाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी पर युवती ने इंस्टग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाई और धमकी भरे मेसेज भेजे। सहेली के मामले में शामिल होने की बात पर पीड़िता ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा का कहना है पीड़िता ने कार्रवाई की बात से इंकार कर दिया। युवती को नोटिस देकर छोड़ दिया है।