हिस्ट्रीशीटर को लिया रिमांड पर, तमंचा व पिस्टल बरामद
लोनी। चिरोड़ी के व्यापारी मनोज गर्ग की हत्या और खनन ठेकेदार से रंगदारी के मामले में लोनी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अनिल पेंदा को रिमांड पर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पिस्टल और तमंचा बरामद किया है। हिस्ट्रीशीटर का एनकाउंटर होने की अफवाह पर परिजन थाने पर पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार चिरोड़ी गांव में व्यापारी मनोज गर्ग की 16 जुलाई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने कई बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस को हथियार बरामद नहीं हुए थे। वहीं 25 जून को ठेकेदार शिवकुमार से पचायरा गांव में पिस्टल के बल पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। मामले में पुलिस ने सुरेंद्र उर्फ चिड़िया को जेल भेज दिया था। दोनों मामलों में हथियार बरामद करने के लिए पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अनिल उर्फ पेंदा को रिमांड पर लिया। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर की निशानदेही से चिरोड़ी में व्यापारी की हत्या करने के मामले में तमंचा और खनन ठेकेदार से रंगदारी मांगने के मामले में पिस्टल बरामद की है। वही अनिल उर्फ पेंदा के एनकाउंटर की अफवाह पर उसके परिजन थाने पर पहुंचे थे। एसपी देहात नीरज सिंह जादौन ने बताया कि बदमाश को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था।