प्रशांत विहार में चार मंजिला बिल्डिंग में लगी आग
साहिबाबाद। खोड़ा के प्रशांत विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक आग लग गई। मकान मालिक नौ लोगों के साथ घर में फंस गए। पड़ोसियों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग लगने के दौरान एक गैस सिलेंडर भी फटा। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने छह गाड़ियों की मदद से दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
खोड़ा के प्रशांत विहार में नारायण साहा की चार मंजिला बिल्डिंग है। नोएडा में उनकी दुकान है। बिल्डिंग में ही ग्राउंड फ्लोर पर उन्होंने बर्तन समेत अन्य सामान रखने के लिए गोदाम बनाया हुआ है। जबकि तीन तल पर परिवार के 10 लोग रहते हैं। सोमवार दोपहर वह गोदाम खोलकर लकड़ी का रैक बना रहे थे। इसके बाद वह खाना खाने ऊपर चले गए। दोपहर करीब ढाई बजे नारायण का भांजा आर्यन घर से नीचे उतर कर बाहर जा रहा था। उसने गोदाम से धुआं निकलता देखकर ऊपर पहुंचा और नारायण को आग लगने की जानकारी दी। जब तक सभी लोग नीचे उतरते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें पहली मंजिल तक पहुंच चुकी थीं। यह देख पूरा परिवार डर गया और मदद की गुहार लगाने के लिए शोर मचाने लगा। उनकी चीख पुकार आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को सीढ़ियों से नीचे सुरक्षित बाहर निकाला और दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी। सूचना पाकर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ सुनील सिंह का कहना है कि चार मंजिला बिल्डिंग में आग लगने की सूचना पर एसएफओ वैशाली एसएन सिंह के साथ छह गाड़िया लेकर मौके पर पहुंचे थे। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ है। दमकल कर्मियों ने दूसरे सिलेंडर को फटने से पहले ही बाहर निकाल लिया।
धमाके के साथ फटा घर में रखा गैस सिलेंडर
आग लगने के दौरान प्रथम तल पर रखा एक गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गया। पीड़ितों ने दमकलकर्मियों को जानकारी दी कि घर में दूसरे गैस के सिलिंडर भी हैं। इस पर दमकल कर्मी संजेश गौतम और पियूष ने कड़ी मशक्कत कर गैस सिलिंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान संजेश चोटिल हो गए।
पालिका की क्रेन लगाकर बुझाई आग
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बिल्डिंग में जाने के लिए एक ही रास्ता था। दमकल कर्मियों ने नगर पालिका परिषद खोड़ा की हाइड्रोलिक क्रेन मंगाकर सभी तलों पर बालकनी से पानी डालकर आग पर काबू पाया। साथ ही पड़ोसियों की छत से भी पानी डालकर आग बुझाई।
आंखों के सामने घर जलता देख बिलख पड़े परिजन
आग लगने के दौरान आसपास की दुकान और घर में रहने वाले लोग भी बाहर निकल आए। आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय पुलिस ने लोगों को दूर किया। वहीं घर में लगी आग को देखकर परिवार के सदस्य जोर जोर से रोने लगे। लोगों का कहना था कि उनकी जीवन भर की कमाई जलकर खाक हो गई। लॉकडाउन में काम बंद था। त्योहार पर काम चलता तो उससे पहले हादसा हो गया।
पड़ोसी के मकान में आई दरार
पीड़ित नारायण के मकान के बराबर में बंटी साहा का मकान है। उनकी भी ग्राउंड फ्लोर पर चप्पल-जूते की दुकान है। आग लगने के दौरान आनन फानन उन्होंने अपना सामान बाहर निकाला। आग से उनके चार मंजिला बिल्डिंग की दीवारों में भी दरार आ गई। इससे वह काफी परेशान थे।