फाइनेंस कंपनी के कैशियर पर कांच के गिलास से हमला
साहिबाबाद। राजेंद्रनगर स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के आफिस में एनओसी लेने को लेकर विवाद हो गया। इससे गुस्साए एक युवक ने फाइनेंस कंपनी के कैशियर पर कांच का गिलास तोड़कर वार कर दिया। इससे वह घायल हो गए। पीड़ित की ओर से आरोपी के खिलाफ साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
साहिबाबाद के राजेंद्रनगर स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी में सोनू कुमार काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उनके पास लोनी निवासी असलम आया और वह जगवीर नाम के व्यक्ति द्वारा ली गई गाड़ी की एनओसी मांगने लगा। इस पर कैशियर ने कहा कि अभी भुगतान पूरा नहीं हुआ है। भुगतान देने पर ही एनओसी जारी की जाएगी। इस पर असलम का कहना था कि उसने सारे रुपये देकर ही जगवीर से गाड़ी खरीदी है। इस पर असलम गुस्साए गए और गाली गलौज करने लगे। सोनू ने विरोध किया तो पास में रखे कांच के गिलास को जमीन पर गिराकर तोड़ कर उनके ऊपर वार कर दिया। इस दौरान वह नीचे बैठ गए जिससे उनकी गर्दन कटने से बच गई। पीठ में काफी वार किए। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ साहिबाबाद विष्णु कौशिक ने बताया कि असलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।