फेसबुक पर की दोस्ती, शादी से मना करने पर दी तेजाब फेंकने की धमकी
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र निवासी एक युवती को शादी करने से इंकार करने पर चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने फेसबुक पर उससे दोस्ती की और शादी का दबाव बनाया। पीड़िता ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंदिरापुरम की एक कॉलोनी में युवती रहती है। पुलिस को दी तहरीर में युवती ने आरोप लगाया है कि 2017 में एक युवक ने उनके पास फेसबुक पर रिक्वेस्ट भेजी। उन्होंने जानकार समझ रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। आरोप है कि युवक उनके मैसेंजर पर मैसेज करने लगा। इसके बाद उनका मोबाइल नंबर निकालकर कॉल और मैसेज करने लगा। आरोपी ने अपनी मां के नंबर से भी कई बार कॉल कीं। इसके बाद जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती ने शादी करने से इंकार किया तो युवक ने उनके चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसके और उसकी मां के खिलाफ राजस्थान में 420 समेत कई धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। एक महिला ने भी उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उनका एक मित्र अपने आप को अधिकारी बताता है। आरोप है कि 2019 से आरोपी उन्हें परेशान कर रहा है। उनकी फोटो और नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील बातें कर रहा है। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी, उसकी मां, आरोपी का दोस्त और दो अन्य युवतियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।