बोलेरो से कुचलकर मासूम की मौत
लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में बुधवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने 10 साल के बच्चे वंश पुत्र गौतम को कुचल दिया। परिवार के लोग वंश को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी संदीप ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे वंश (10) अपने बुआ के बेटे के साथ बाइक पर मंगल बाजार पूजा कॉलोनी में गाय के लिए चारा लेने घर से निकला था। उन्होंने पूजा कॉलोनी में चारा लिया। चारा लेकर दोनों निकले ही थे कि मुख्य मार्ग पर वंश बाइक से उतर गया। इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने वंश को कुचल दिया। घायल वंश को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने वंश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद गाड़ी लेकर भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित परिवार वालों ने चालक के खिलाफ तहरीर दी। ट्रॉनिका सिटी थाना एसएचओ ओपी सिंह ने बताया कि चालक हरिंद्र निवासी रिस्तल गांव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गाड़ी कब्जे में लेकर हरिंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घर का इकलौता बेटा था वंश
रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में रहने वाले गौतम का वंश इकलौता बेटा था। उनकी एक बेटी शालू (7) है। परिवार के लोगों ने बताया कि वंश पूजा कॉलोनी स्थित स्कूल में तीसरी कक्षा पढ़ता था। वह पढ़ाई में तेज था। परिवार के लोग उसे बहुत प्यार करते थे।