गाजियाबाद के मसूरी के होटल अनंत में 21 अक्तूबर को की गई शहजादी (23) की हत्या के मामले में आरोपी अजहरुद्दीन ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह और शहजादी काफी समय से एक-दूसरे के नजदीक थे। अब उसकी शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। इसलिए उसे मार डाला।
गाजियाबाद के मसूरी के होटल अनंत में 21 अक्तूबर को की गई शहजादी (23) की हत्या के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी अजहरुद्दीन को पुलिस ने नायफल रोड से बुधवार की रात एक बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि उसे मुठभेड़ के बाद पकड़ा जा सका। उसके बाएं पैर में गोली लगी है।
विज्ञापन
उसके साथ दोस्त जलाल भी था, जो भाग निकला। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि पुलिस पूछताछ में मसूरी के कल्लूगढ़ी निवासी अजहरुद्दीन (32) ने शहजादी की हत्या करना कुबूल किया है। उसने बताया कि वे दोनों प्यार करते थे। शहजादी ने उससे शादी करने का वादा किया था लेकिन इसे निभाया नहीं।
उसे धोखा देकर उसने दिल्ली के एक युवक से शादी तय कर ली। वे दोनों नवंबर में शादी करने वाले थे। उससे यह बर्दाश्त नहीं हुआ। इसलिए, उसकी हत्या कर दी। उसने बताया कि उसने शहजादी को साजिश रचकर मौत के घाट उतारा। उसे 20 अक्तूबर को होटल में ले गया।
विज्ञापन
21 की दोपहर को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर नशे की गोलियां दे दीं। वह बेहोश होकर लेट गई। इसी दौरान तकिये से उसका मुंह दबा दिया। उसकी मौत हो जाने के बाद ही तकिया हटाया। इसके बाद भी डर था कि कहीं उसकी फिर से सांस न लौट जाए, इसलिए रात तक वहीं पर रहा।
होटल के स्टाफ से झूठ बोलकर भागा
उसकी मौत का पूरी तरह यकीन हो जाने के बाद दोस्त जलाल को फोन करके बुलाया। होटल के स्टाफ से झूठ बोला कि खाना लेने जा रहा है। वहां से जलाल के साथ बाइक से निकल गया।
22 अक्तूबर की सुबह शहजादी के भाई दानिश को फोन करके बताया था, तुम्हारी बहन की हत्या कर दी है, शव होटल अनंत के कमरा नबर 209 में पड़ा है, जाकर उठा लो। दानिश ने पुलिस को सूचना दी। उसने ही रिपोर्ट दर्ज कराई। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। दानिश धौलाना के गांव पिपरैड़ा की बसरा काॅलोनी का निवासी है।
मेरी नहीं हुई तो किसी और भी नहीं होने दी
अजहरुद्दीन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह और शहजादी काफी समय से एक-दूसरे के नजदीक थे। शहजादी उस पर जान छिड़कती थी। उसकी खातिर उसने अपनी बीवी से झगड़ा किया। बीवी छोड़कर चली गई। बच्चे भी उसके साथ चले गए। इतना ही नहीं, शहजादी के लिए उसने अपना घर-परिवार भी छोड़ दिया।
गांव छोड़कर कल्लूगढ़ी में रहने लगा। उसकी सभी ख्वाहिशें पूरी कीं। इन्हें पूरा करने में पानी की तरह पैसा बहाया। इसमें उसका घर बिक गया। इसके बावजूद शहजादी किसी और से शादी कर रही थी। उसे बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी। कहने लगी, अब मैं किसी और की अमानत हूं, मुझे भूल जाओ।
भला उसे किसी और की कैसे हो जाने देता। मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दिया। हत्या पर कोई पछतावा नहीं है। हत्या के बाद वह जयपुर भाग गया था। जैसे ही वापस आया, वैसे ही पकड़ा गया। एसीपी ने बताया कि अजहरुद्दीन के खिलाफ पहले से हत्या, लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के केस दर्ज हैं। वह कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
तय हो चुकी थी शहजादी की शादी
शहजादी के परिजनों से जानकारी करने के बाद एसीपी ने बताया कि दिल्ली के युवक से उसकी शादी तय हो चुकी थी। यह अगले महीने नवंबर में होनी थी। उसकी अजहरुद्दीन के साथ काफी समय से दोस्ती थी। इसकी जानकारी दोनों के परिजनों को थी। अजहरुद्दीन का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। अजहरुद्दीन शहजादी को उसके घर से ही बुलाकर ले गया था। उसने हत्या क्यों कर दी, इसका अभी पता नहीं चल सकता है। उसकी तलाश की जा रही है।
छापा लगा तो बदल लिया होटल का नाम
होटल अनंत एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस पर पहले कार्रवाई हो चुकी है। एक बार देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा था। उस समय इसका नाम मेट्रो होटल था। पुलिस के रिकॉर्ड में आ जाने के बाद मालिक ने होटल का नाम बदलकर अनंत रख लिया। इस पर एक बार सील भी लग चुकी है। युवती की हत्या के बाद पुलिस होटल की पुरानी फाइल भी खंगाल रही है।