चुनाव के रंग में रंगा सोशल मीडिया, दिनभर होती रही वोटिंग अपील
गाजियाबाद। व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर बृहस्पतिवार को चुनाव के कई रंग देखने को मिले। मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की भीड़ बढ़ना शुरू हो गई। विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने सुबह वोट कर डालने के बाद सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लोकतंत्र के उत्सव में शामिल होने को प्रेरित किया। दूसरी ओर महानगर की विभिन्न सोसायटियों की अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए के साथ विभिन्न सामाजिक संगठन के लोग दिनभर लोगों से वोटिंग की अपील करते रहे।
विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मतदान के बाद लोग उंगली पर लगे स्याही के निशान की सेल्फी वाले फोटो पोस्ट करते नजर आए। हर प्लेटफार्म पर सेल्फी और उसके साथ मतदान करने की लोगों ने अपील की। लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी से जुड़े संदेशों के जरिए मतदाताओं में अलख जगाने का प्रयास किया गया। लोगों की पोस्ट पर लोग लाइक के साथ हामी भरते भी दिखाई दिए। विभिन्न प्रत्याशियों का सोशल मीडिया संभालने वालों ने व्हाट्सएप के विभिन्न ग्रुप के जरिए दिनभर लोगों से पहले मतदान फिर काम की अपील की।
क्रॉसिंग रिपब्लिक, महागुनपुरम सहित सोसायटियों ने निभाई जिम्मेदारी
विधानसभा चुनाव का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की बीते कई महिनों से मुहिम जारी थी। ऐसे में उनकी इस मुहिम का असर भी होता दिखाई दिया। क्रॉसिंग रिपब्लिक फ्लैट ऑनर्स एसोसिएशन (क्रोमा), राजनगर एक्सटेंशन अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन, महागुनपुरम सोसायटी, आदित्य वर्ल्ड सिटी की लग्जूरिया एस्टेट सहित विभिन्न सोसायटियों के साथ अवंतिका आरडब्ल्यूए की ओर से दिनभर लोगों से मतदान करने की अपील की गई।