दिल्ली के पड़ोस में पकड़ा गया अवैध हथियारों का जखीरा, पांच गिरफ्तार
गाजियाबाद। मुरादनगर के गुड़ मंडी जीतपुर में एक किराए के मकान में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चार आरोपी फरार हैं। आरोपी अवैध हथियार तैयार कर पश्चिमी उत्तरप्रदेश समेत दिल्ली एनसीआर में ऑन डिमांड सप्लाई कर रहे थे।
सीओ क्राइम आकाश पटेल ने बताया कि सूचना पर स्वॉट टीम और थाना मुरादनगर की पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर छापा मारा था। मौके से भारी संख्या में अवैध हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। सीओ क्राइम ने बताया कि आरोपी अलग-अलग मशीनों का प्रयोग कर अवैध हथियार तैयार कर रहे थे। आरोपियों ने मेरठ निवासी जहीरूद्दीन से 20 हजार रुपये में किराए पर लिया था। इससे पहले जहीरूद्दीन खुद इस मकान में अवैध हथियार बनाने का काम करता था, लेकिन उसने अपनी अलग फैक्टरी बना ली। अब इस खाली मकान में अमन उर्फ अन्नू, अब्दुल सलाम, हाजी जुल्फकार और शाहिद मामा अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि मास्टर माइंड जहीरुद्दीन है जबकि इनका सरगना अमन उर्फ अन्नू है। पूछताछ में बताया कि चुनावी माहौल में अवैध हथियारों की डिमांड बढ़ गई है। मोटे मुनाफे के लिए अवैध हथियार बना रहे थे। किठोर मेरठ के रहने वाले रहीश लम्बू और सोनू से .315, .12 और .32 बोर के कारतूस लेकर सप्लाई करते थे।
पुलिस ने अवैध फैक्टरी पर दबिश देने के बाद मौके से अमन उर्फ अन्नू रांगड (30) मेरठ, नूर हसन सैफी (30) मेरठ, सलमान कुरैशी (21) जाफराबाद दिल्ली, सुहैल मलिक (21) मेरठ, युसुफ रांगड (20) मेरठ को गिरफ्तार किया है। जबकि अब्दुल सलाम निवासी मेरठ, हाजी जुल्फिकार अली मेरठ, चांद पहलवान हापुड़, शाहिद मामा मेरठ वांछित हैं।
सीओ क्राइम का कहना है कि अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी सील कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल कराकर जेल भेज दिया गया है। अन्य ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।