कोर्ट मैरिज के एक सप्ताह बाद दूसरी युवती से रचाया निकाह
गाजियाबाद। कैला भट्ठा निवासी युवक ने पहले तो कोर्ट मैरिज की और फिर एक सप्ताह बाद दूसरी युवती से निकाह कर लिया। मंगलवार को युवक के रिसेप्शन में पहुंचकर पहली पत्नी ने बखेड़ा कर दिया। हंगामा बढ़ता देख दूल्हा व उसका पिता फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया।
पत्नी होने का दावा करने वाली युवती ने कहा कि सोमवार तक युवक उसके साथ रहा और फिर उसे फ्लैट में बंद कर शामली चला गया। वहां परिजनों द्वारा तय किए गए रिश्ते के तहत दूसरी शादी कर ली। युवती ने कहा कि उसने किसी तरह परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने उसे फ्लैट से निकाला।
मैं शौहर के साथ ही रहूंगी
युवती के हंगामा करने पर लोगों ने उसकी इच्छा जाननी चाही तो उसने कहा कि वह शौहर के साथ रहेगी। उसे उसकी दूसरी शादी से कोई मतलब नहीं है। वहीं, दूसरी पत्नी के परिजनों ने युवक के पहले से शादीशुदा होने की बात से इनकार किया है। नगर कोतवाल अमित खारी का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दूल्हा और उसका पिता फरार हो गए थे। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।