संयुक्त अस्पताल बनेगा दो मंजिला, बढ़ेेंगे 50 बेड
गाजियाबाद। संजय नगर में बने 100 बेड के अस्पताल को अब दो मंजिला बनाया जाएगा, जिसके बाद 50 बेड की क्षमता बढ़ जाएगी। अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट और जिला स्तरीय इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब भी बनेगी। जिसके बाद संयुक्त अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा।
अस्पताल परिसर में वन स्टाप सेंटर का भी निर्माण किया जा रहा है। जबकि डायलिसिस और सिटी स्कैन की सुविधा मरीजों को निशुल्क मिल रही है। अस्पताल में सभी निर्माण कार्य प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत किया जाएगा। विस्तार का प्रारूप राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशक को भेजा जा चुका है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना, मुरादनगर और लोनी में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण किया जाएगा। इसमें मरीजों को जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी। डॉ. सुर्यांशु ओझा ने बताया कि कोविड मरीजों को भर्ती करने के दौरान उपलब्ध कराए गए संसाधनों के सदुपयोग के लिए पहले ही प्रस्ताव तैयार किया गया था कि भविष्य में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट सहित अन्य संसाधनों का प्रयोग कैसे किया जाएगा।
सीएमएस डॉ. संजय कुमार तेवतिया ने बताया कि विस्तार होने से अधिक मरीजों के इलाज में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि डीआईपीएच लैब बनने से कई संक्रामक बीमारियों और हार्मोनल जांच भी शुरू हो जाएगी। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि यूनिट बनने के बाद शासन स्तर से स्टाफ की भी नियुक्ति होगी। अभी शासन से यूनिट बनाने के लिए जगह मांगी है। प्रस्ताव भेजा जा चुका है। दिसंबर तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।