बारिश से बत्ती गुल, कहीं दो तो कहीं चार घंटे का कट
गाजियाबाद। बारिश ने बिजली आपूर्ति को बाधित कर दिया। रविवार के बाद सोमवार को भी कट झेलने पड़े। कहीं दो घंटे तो कहीं चार घंटे बत्ती गुल रही। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर बिजलीघरों में बारिश के बाद जलभराव होने से आपूर्ति बाधित हो रही है।
रविवार रात को नंदग्राम, संजयनगर सेक्टर-23, विजयनगर और लालकुआं क्षेत्र में दो से तीन घंटे आपूर्ति प्रभावित रही। रात में बिजली न आने से मच्छरों ने लोगों को परेशान किया। सोमवार दिन में भी कई बार ट्रिपिंग के चलते आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों डासना, मोदीनगर, मुरादनगर में तीन से चार घंटे दिन में बिजली गुल रही।
फॉल्ट और बिजलीघरों में जलभराव से परेशानी
बारिश के बाद बिजलीघरों में जलभराव है। इससे आपूर्ति सुचारु रखने में कुछ जगह परेशानी हुई। बाकी स्थानों पर फॉल्ट की शिकायतें मिली हैं। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिजलीघर पर तैनात रहकर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
- शुचींद्र कुमार पुरवार, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम