त्योहारी सीजन में नहीं मिला कंफर्म रिजर्वेशन तो स्पेशल ट्रेनों में मिलेगी सीट
गाजियाबाद। त्योहारी सीजन में घर जाने के लिए अगर आपको ट्रेन में कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिला है तो सीट पाने के लिए रेलवे ने एक और मौका दिया है। वाराणसी, गोरखपुर, बिहार रूट पर त्यौहारी सीजन को देखते हुए 11 अक्तूबर से नवंबर के अंत तक स्पेशल ट्रेने चलाई जाएंगी। इनमें से आनंद विहार-कटरा स्पेशल गाजियाबाद में भी रुकेगी।
रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार के मुताबिक आनंद विहार से मुजफ्फरनगर स्पेशल (01676) 11 अक्तूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को आनंद विहार से रात 10 बजे और मुजफ्फरपुर से प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार को रात 11:30 बजे चलेगी। आनंद विहार से वैष्णो देवी कटरा तक सप्ताह में दो दिन चलने वाली स्पेशल एक्सप्रेस आनंद विहार से सोमवार और बृहस्पतिवार को और कटरा से मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन ऊधमपुर, जम्मूतवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला छावनी, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी और गाजियाबाद स्टेशन पर भी रुकेगी। इनके अलावा नई दिल्ली से दरभंगा, नई दिल्ली से बरौनी, आनंद विहार से सहरसा, आनंद विहार टर्मिनल से जयनगर के बीच भी सप्ताह में दो दिन स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।