आठवीं की छात्रा का फेसबुक अकाउंट हैक कर अश्लीलता
गाजियाबाद। कविनगर में आठवीं की छात्रा का फेसबुक अकाउंट हैक कर अश्लील पोस्ट डालने का मामला सामने आया है। छात्रा का कहना है कि वह एक फेसबुक अकाउंट चलाती थी, जिसे उसने पूर्व में बंद कर दिया था। कुछ दिन पूर्व किसी ने वह अकाउंट हैक कर लिया और उस पर अश्लील पोस्ट डालने लगा। पता लगने पर पीड़िता ने तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
छात्रा का कहना है कि उसने फेसबुक पर प्रदीप जाट के नाम से फेसबुक पर अकाउंट बनाया था। काफी समय पहले वह उसे बंद कर चुकी है, लेकिन कुछ दिन पहले किसी व्यक्ति ने उसका फेसबुक अकाउंट हैक कर उसका दुरुपयोग करना शुरू कर दिया। कभी उस अकाउंट से अश्लील पोस्ट डाली जाती है तो कभी किसी लड़के के साथ उसका फोटो एडिट कर डाला जाता है। छात्रा का कहना है कि यह सिलसिला करीब पांच महीने से चल रहा है। कई बार उस अकाउंट पर आपत्ति जताने के बाद भी आरोपी ने उसे बंद नहीं किया है। अश्लील पोस्ट व उसके फोटो सार्वजनिक होने पर उसकी बदनामी हो रही है।
परिजनों से चैटिंग करता है आरोपी
छात्रा का कहना है कि उसका फेसबुक अकाउंट हैक करने वाला आरोपी उसके परिजनों से चैटिंग भी करता है। वह उसके भाई व मौसेरे भाई से बात करता है। हद तो तब हो गई, जब आरोपी ने उसके पिता को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी। छात्रा का कहना है कि अगर उसके पिता फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर लेते तो उस अकाउंट पर पड़े उसके फोटो देखकर शर्मिंदा होते। आरोपी की हरकतें बढ़ती देख छात्रा ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। कविनगर एसएचओ अब्दुल रहमान सिद्दीकी का कहना है कि आरोपी तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।