ठगी : 95 हजार की पड़ी फ्री थाली
गाजियाबाद। एक थाली ऑर्डर करने पर दूसरी थाली फ्री मिलने का ऑफर देकर साइबर ठगों ने राजनगर निवासी व्यक्ति के खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर ठगों ने पीड़ित से मोबाइल पर एक एप डाउनलोड कराया और उसके बाद खाते से रकम कटती गई। पीड़ित ने कविनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़ितों की तहरीर पर संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामलों की जांच शुरू कर दी है। इसी तरह के अन्य मामलों में लाखों की ठगी कर ली गई।
राजनगर निवासी रजनीकांत गुप्ता का कहना है कि बैंक ऑफ बड़ौदा में उनका खाता है। उनके मोबाइल पर एक मेसेज आया, जिसमें सागर रत्ना रेस्टोरेंट की तरफ से एक ऑफर दर्शाया गया था। उसमें बताया था कि एक थाली का ऑर्डर मिलने पर एक थाली फ्री मिलेगी। उन्होंने एक थाली ऑर्डर कर दी। इसके बाद उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई और ऑफर का लाभ लेने के लिए एप डाउनलोड कराई गई। इसके बाद कुछ रुपये भेजने को कहा गया तो उन्होंने 10 रुपये भेज दिए। रजनीकांत गुप्ता का कहना है कि इसके बाद उनके मोबाइल पर ओटीपी आते गए और 9 मिनट में 14 ट्रांजेक्शन के जरिये उनके खाते से 95 हजार रुपये साफ हो गए। कविनगर एसएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।