पटेल नगर में नहीं होगा जलभराव, मेरठ रोड पर निकासी को डाला पाइप
गाजियाबाद। पटेल नगर में जलभराव की समस्या अब खत्म हो सकती है। एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) ने मेरठ रोड तिराहे पर नाले में एक मीटर व्यास का एक और पाइप डालकर जल निकासी का वैकल्पिक इंतजाम किया है। नगर निगम और एनसीआरटीसी के अधिकारियों का दावा है कि मेरठ रोड तिराहे पर नाले का पानी दो पाइप से गुजरेगा और ओवरफ्लो की समस्या खत्म हो जाएगी।
मेरठ रोड तिराहे पर रैपिड रेल प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य चलने की वजह से नगर निगम के नाले का बहाव अवरुद्ध हो गया है। रैपिड रेल का एक पिलर नाले में आ गया है। एनसीआरटीसी ने यहां नाले का रुख मोड़कर निकासी के लिए एक एक मीटर व्यास का पाइप डाल दिया है। पाइप की क्षमता नाले से कम होने की वजह से बरसात के दौरान यहां पानी ओवरफ्लो होकर पटेल नगर सेकेंड के ए व बी ब्लॉक और वाल्मीकि कुंज में जमा हो जाता है। पिछले सप्ताह दो दिन तक लगातार घरों में जलभराव हो जाने से गुस्साए लोगों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग जाम कर विरोध जताया था। इसके बाद नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने रैपिड रेल प्रोेजेक्ट के अधिकारियों से बैठक कर वैकल्पिक समाधान करने का निर्णय लिया। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि रविवार रात से मेरठ तिराहे पर एक मीटर व्यास का पाइप डालने का काम शुरू कर दिया है। दो-तीन दिन में यह काम पूरा हो जाएगा। इस पाइप के डाल दिए जाने से अब नाला ओवरफ्लो नहीं होगा। उन्होंने बताया कि एनसीआरटीसी ने दो माह में स्थायी समाधान के लिए नाला बनाने का आश्वासन दिया है।