हर दूसरा मरीज वायरल का
गाजियाबाद। मौसम में आए बदलाव के साथ जिले में वायरल के मरीज बढ़ गए हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों की जनरल ओपीडी में हर दूसरा मरीज वायरल का पहुंच रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि पिछले 15 दिन में वायरल बुखार के मामले तेजी से बढ़े हैं। कोरोना के बीच वायरल के लक्षणों ने लोगाें की चिंता बढ़ा दी है। लोग वायरल को कोरोना मानकर मेडिकल जांच करवा रहे हैं।
जिला एमएमजी के जनरल फिजिशियन की ओपीडी में रोजाना बुखार के करीब 500 मरीज आ रहे हैं। संयुक्त अस्पताल में 400 से 450 मरीज ओपीडी में बुखार, गले में दर्द, सर्दी के आ रहे हैं। निजी अस्पतालों की ओपीडी में भी वायरल के लक्षण वाले मरीजों की संख्या दोगुनी गई है। आईएमए के मुताबिक, आजकल निजी अस्पतालाें की ओपीडी में 50 फीसदी मरीज वायरल के हैं। संयुक्त अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में 70 फीसदी मरीज ऐसे हैं, जिन्हें सर्दी लगने से तेज बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत है। वायरल को ठीक होने में पांच से छह दिन लग सकते हैं।
चिंता : जांच करा रहे कोरोना की निकल रहा वायरल
जिले में वायरल के केस बढ़ने के साथ लोगों की चिंता बढ़ गई है। बुखार आने पर लोग उसे कोरोना समझ रहे हैं और वह अस्पताल व लैब में संक्रमण की जांच कराने पहुंच रहे हैं। हालांकि जांच में सामान्य बुखार ही निकल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना व वायरल के शुरुआती लक्षण लगभग एक जैसे हैं। इसलिए लोग ज्यादा परेशान हैं। लोग हर बुखार को कोरोना न समझें। दूसरी ओर, वायरल के मामले बढ़ने से अस्पतालों की लैब पर भी दबाव बढ़ गया है। कोरोना के संदिग्ध मरीजों को जांच के लिए कोविड बूथ पर भेजा जाता है, जबकि मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की प्रतिदिन 350 से अधिक जांच लैब में की जा रही हैं।
वायरल के लक्षण
- बुखार
- थकान
- बदन दर्द
- खांसी
- गले में दर्द
- जोड़ों में दर्द
- सर्दी लगना
बुखार की वजह
पीड़ित के संपर्क से
दूषित पानी, भोजन का सेवन
रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी
चिकित्सक की सलाह पर कराएं जांच
कोरोना काल में बुखार आने पर लोग अक्सर परेशान हो जाते हैं। बदन दर्द, बुखार, खांसी या गले में दर्द है तो चिकित्सक से परामर्श करें। ये लक्षण वायरल के भी हो सकते हैं। लोगाें को ठंडी चीजों से परहेज कराना चाहिए और खानपान पर ध्यान देने की जरूरत है।
- डॉ. आरपी सिंह, वरिष्ठ फिजिशियन, जिला एमएमजी अस्पताल
3 से 4 दिन में ठीक हो रहा वायरल
पिछले 15 दिनों में मौसम में बदलाव के चलते वायरल के मरीज बढ़े हैं, लेकिन अच्छी बात यह है कि इस तरह के मरीज 3 से 4 दिन में इलाज के बाद ठीक हो रहे हैं। लोगों को कोरोना की जांच लक्षण दिखाई देने पर ही करानी चाहिए।
- डॉ. वीबी जिंदल, पूर्व अध्यक्ष, आईएमए
ये बरतें सावधानी
बुखार पीड़ित व्यक्ति से उचित दूरी रखें
ठंडा पानी पीने से बचें
बासा भोजन लेने से बचें
स्वच्छता पर ध्यान दें
थकान होने पर आराम करें
खुले में बिकने वाले पदार्थों का सेवन करने से बचें
जनरल ओपीडी
अस्पताल कुल मरीज वायरल के मरीज
जिला एमएमजी अस्पताल 700 500
संयुक्त अस्पताल 600 400
निजी अस्पताल 5000 2500
परिवार के पांचों सदस्यों को बुखार
दो दिन से घर में पत्नी और तीनों बच्चों को बुखार है। चिकित्सक से परामर्श कर इलाज कराया जा रहा है। वायरल बताया है।
- अशफाक, कैला भट्टा
बच्चों को सर्दी और बुखार
बच्चों को सर्दी लगने से बुखार आ रहा है। चिकित्सक ने मलेरिया की जांच कराई है। कल फिर डॉक्टर के पास जाउंगा।
- विजय, पंचवटी