रकम लेकर नहीं दिए सिलिंडर, धमकाया भी
गाजियाबाद। रकम लेकर सिलिंडर की सप्लाई न करने पर मेरठ की सद्भाव गैस एजेंसी के मालिक और अकाउंटेंट के खिलाफ सिहानी गेट पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस संबंध में राजनगर की फॉर्च्यून रेजीडेंसी सोसायटी निवासी कारोबारी विशाल शर्मा ने पुलिस में शिकायत की थी। वहीं, गैस एजेंसी के मालिक ने आरोपों को नकारते हुए विशाल शर्मा द्वारा दिए गए चेक बाउंस होने का मामला सामने आया है।
विशाल शर्मा का कहना है कि वह कॉमर्शियल सिलिंडर की सर्विस मुहैया कराते हैं। पुराना बस अड्डा स्थित कंप्यूटर मार्केट में उनका ऑफिस है। कनखेरा रोड मेरठ में सद्भाव गैस एजेंसी के मालिक राजीव चौधरी और उसके अकाउंटेंट मोनू शर्मा से उन्होंने करीब 33 लाख रुपये का स्टॉक खरीदा था। इस स्टॉक का वह जीएसटी भी भर चुके हैं। विशाल शर्मा का कहना है कि सदभाव गैस एजेंसी ने सस्ते माल का झांसा देकर हमसे एडवांस पेमेंट लिया था। स्टॉक खरीदने के बाद सद्भावना गैस एजेंसी पर उनके नौ लाख रुपये बकाया हैं। आरोप है कि गैस एजेंसी का मालिक और अकाउंटेंट न तो उन्हें स्टॉक दे रहे हैं और न ही पैसा वापस कर रहे हैं।
गाड़ियां रोककर माल छीनने की दी धमकी
विशाल शर्मा का कहना है कि तगादा करने पर आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया। सिक्योरिटी रीजन से दिए गए चार चेक भी बैंक में लगा दिए। राजीव चौधरी और उनका अकाउंटेंट धमका रहे हैं कि वह रास्ते में गाड़ियां रोककर उनका माल छीन लेंगे। सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि तहरीर पर राजीव चौधरी और उसके अकाउंटेंट के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, राजीव चौधरी का कहना है कि विशाल शर्मा द्वारा दिए गए दो चेक बाउंस हो गए हैं। एक चेक दो लाख तो दूसरा 70 हजार का है। चेक बाउंस होने पर उन्होंने विशाल शर्मा को शुक्रवार को ही लीगल नोटिस भिजवाया है। पुलिस की जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।