केडीपी में बिजली कटौती पर हंगामा, चले लाठी-डंडे
गाजियाबाद। बिजली कटौती को लेकर राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। रात में दो टावर की बिजली काटे जाने को लेकर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पक्ष और विरोध करने आए स्थानीय निवासियों के बीच लाठी डंडे तक चले। मामला बढ़ा तो पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने हंगामे का वीडियो पुलिस को दिखाया तो स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अध्यक्ष राजकुमार त्यागी के बेटे और उसके साथी के बेटे को शांति भंग मेें गिरफ्तार कर लिया। उधर, सोसायटी के निवासियों ने मारपीट में शामिल चार लोगों के खिलाफ नंदग्राम थाने में तहरीर भी दी है। जबकि तहरीर में पांच अन्य लोग भी मारपीट में शामिल बताए गए हैं।
सोसायटी में हुए हंगामे के पीछे की असल वजह एच और आई टावर की बिजली काटा जाना बताया जा रहा है। सोसायटी निवासियों का आरोप है कि बृहस्पतिवार रात से बिजली काटी जा रही थी। शुक्रवार सुबह तीन बजे फिर से बिजली काटी गई। इसके बाद सोसायटी के लोग एकत्र होकर सुबह में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के घर पहुंचे तो बिजली जोड़ दी गई। इसके बाद दोपहर दो बजे दोबारा से बिजली काट दी गई। करीब चार बजे स्थानीय लोग फिर से एकत्र होकर अध्यक्ष के घर पहुंचे। सोसायटी निवासियों का आरोप है कि घर पहुंचने पर अध्यक्ष का बेटा, पत्नी और अन्य साथी सरिया, लाठी- डंडे व बैट लेकर आ गए और मौके पर मौजूद लोगों को मारना शुरू कर दी। इस घटना में छह से अधिक लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें वो लोग भी शामिल हैं जो हंगामा बढ़ता देख बीच-बचाव कराने के लिए पहुंचे थे। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार का कहना है कि अभी शांतिभंग की धारा में अध्यक्ष के बेटे और उसके साथ के बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी स्थानीय निवासी नए सिरे से तहरीर दे रहे हैं। उनकी तहरीर मिलने पर अलग से एफआईआर दर्ज की जाएगी।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस
सोसायटी में हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने अध्यक्ष पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष का बेटा और पत्नी किसी भी तरह की मारपीट से इंकार करती रहीं। इस पर स्थानीय लोगों ने पूरी घटना की वीडियो फुटेज दिखाई तो उसमें स्पष्ट तौर पर दिख रहा था कि उनके हाथों में सरिया व बैट थे।
मारपीट के आरोप निराधार : राज कुमार त्यागी
अध्यक्ष राजकुमार त्यागी का कहना है कि मारपीट का आरोप निराधार है। सोसायटी में 12 टावर आरडब्ल्यूए के पास हैं जबकि तीन टावर अभी तक बिल्डर ने हैंडओवर नहीं किए हैं। अब 12 टावर में बिजली सप्लाई करने के लिए हमारे पास तीन ही डीजी (जेनरेटर) सैट हैं, जिनसे पूरी सोसायटी को लोड नहीं उठता है। ऐसे में डीजी सैट को बचाने के लिए बिजली काटी गई थी। किसी को परेशान करने के उद्देश्य से बिजली नहीं काटी गई और बिजली कटौती सभी टावरों में समान रूप से होती है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के इशारे पर नियमित तौर पर सोसायटी की बिजली काटी जा रही थी। कभी डीजी सैट का केबल निकाल दिया जाता है तो कभी ऊपर से फॉल्ट बताकर बिजली काटी जाती है। बृहस्पतिवार से शुक्रवार के बीच काफी समय बिजली काटी गई। हम लोग उसी पर विरोध जाते गए थे लेकिन उसके बेटे, पत्नी व साथ में आए अन्य लोगों ने बैट, लाठी-डंडों से मारपीट की। - सुधीर गंगवार, सोसायटी निवासी एच-टावर
हम सिर्फ बिजली कटौती को लेकर अपनी मांग रखने के लिए गए थे लेकिन वहां पर अध्यक्ष का बेटा और उनकी पत्नी अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट करने लगीं। अब स्थानीय लोग समस्या को लेकर अध्यक्ष के पास नहीं जाएंगे तो कहां जाएंगे। बाकी अगर बिल्डर ने तीन टावर हैंडओवर नहीं किए हैं तो उससे पहले क्यों डीजी सैट की बिजली नहीं काटी गई। - धर्मेद्र चौधरी, सोसायटी निवासी