राजनगर एक्सटेंशन के एक लाख लोग बदबू से बेहाल
- डंपिंग ग्राउंड बनाए जाने के विरोध में निगम पहुंचे रेजिडेंट्स
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की मोती रेजिडेंसी के पास नगर निगम ने डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। यहां रोजाना 50 ट्रक से ज्यादा कचरा डाला जा रहा है। जिससे करीब एक लाख की आबादी बदबू से परेशान है। शनिवार को एक्सटेंशन के लोगों ने नगर निगम पहुंच अधिकारियों को ज्ञापन दिया और डंपिंग ग्राउंड को यहां से हटवाने की मांग की।
नगर निगम के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र न होने की वजह से राजनगर एक्सटेंशन के पास खाली खेतों को निगम ने लीज पर लिया है। दो माह से यहां रोजाना ट्रकों में भरकर शहर का कचरा लाकर डंप किया जा रहा है। इस डंपिंग ग्राउंड के पास ही राजनगर एक्सटेंशन की मोती रेजिडेंसी समेत कई अन्य हाईराइज सोसायटियां हैं। इनमें रहने वाले करीब एक लाख लोग गंदगी से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े की वजह से यहां दिन भर धूल उड़ती रहती है। इस कचरे की दुर्गंध की वजह से लोगों का घरों में रह पाना भी दूभर हो रहा है। नगर निगम अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि इसकी शिकायत ऑनलाइन पोर्टल पर प्रदेश और केंद्र सरकार से भी की जा चुकी है। समस्या का हल नहीं हो रहा है।
---------
संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा
राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में कचरा डाले जाने की वजह से यहां रहने वाले रेजिडेंट्स को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है। उनका कहना है कि इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में बच्चे और बुजुर्ग भी रहते हैं। नगर निगम को यहां सफाई रखनी चाहिए। कूड़े की वजह से कोई संक्रामक बीमारी फैली तो नगर निगम अधिकारी इसके जिम्मेदार होंगे।
---------
एयरफोर्स के विमानों से पक्षियों के टकराने का खतरा
नगर निगम ने जहां डंपिंग ग्राउंड बनाया है, उससे करीब दो किलोमीटर के फासले पर एयरफोर्स स्टेशन है। वायुसेना के विमान राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में काफी कम ऊंचाई पर उड़ते हैं। ऐसे में कचरे पर मंडराने वाले पक्षी इन विमानों के लिए खतरा बन सकते हैं। बता दें कि वायु सेना की डिमांड पर पूर्व में नगर निगम ने करहेड़ा समेत कई अन्य क्षेत्रों के कूड़ाघरों को बंद कराया था।
-------
सफाई करने की बजाय गंदगी फैलाई जा रही है। बहुमंजिला इमारत के पास रोजाना सैकड़ों टन कचरा डंप किया जा रहा है। निगम ने सुनवाई न की तो अब एनएचआरसी में भी याचिका दाखिल की गई है। - विष्णु शर्मा, निवासी मोती रेजिडेंसी
मोरटा में आबादी के पास डंप किए जा रहे कचरे की वजह से लोग परेशान हैं। नगर निगम अधिकारियों से लेकर प्रदेश के शिकायत पोर्टल पर गुहार लगाई जा चुकी है। ऐसा लग रहा है कि जिले में कोई सिस्टम काम ही नहीं कर रहा है। - वेंकटेश पांडेय, निवासी मोती रेजिडेंसी