ब्लैकमेलर गैंग ने इंजीनियर को हनीट्रैप में फंसाया
गाजियाबाद। ब्लैकमेलर गिरोह द्वारा इंजीनियर को हनीट्रैप में फंसाकर मोटी रकम ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम देने के बावजूद अलग-अलग नंबरों से पैसों की डिमांड जारी रहने पर इंजीनियर परेशान हो गया। शनिवार को उन्होंने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर गिरोह की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक इंजीनियर का एक महिला से फोन पर संपर्क हुआ। शुरूआत में महिला ने व्हॉट्सएप पर चैटिंग व बातचीत की, लेकिन बाद में वह वीडियो कॉल करने लगी। धीरे-धीरे महिला ने वीडियो कॉलिंग में अश्लीलता शुरू कर दी और फिर बाद में इंजीनियर से भी ऐसा करने का दबाव डाला। आरोप है कि इंजीनियर ने अश्लील वीडियो कॉल की तो महिला ने उसे स्क्रीन रिकॉर्डर एप से रिकॉर्ड कर लिया और बाद में वीडियो इंजीनियर को व्हॉट्सएप पर भेजकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। महिला व उसकेगैंग से जुड़े लोगों ने इंजीनियर को जेल भिजवाने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। इज्जत की खातिर इंजीनियर ने मोटी रकम गैंग केसदस्यों को दे भी दी, लेकिन इसके बाद भी अलग-अलग नंबरों से पैसों की डिमांड जारी रही।
कभी पुलिसवाला बनकर फोन किया तो कभी परिजन
गिरोह के सदस्यों ने इंजीनियर को कभी महिला का परिजन बनकर धमकाया तो कभी पुलिसवाला बनकर गिरफ्तार करने आने की बात कही। एक के बाद एक धमकी भरी कॉल से परेशान होकर इंजीनियर को ब्लैकमेलर गैंग द्वारा शिकार होने का आभास हुआ। इसके बाद उन्होंने शनिवार को सिहानी गेट थाने पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मेरा कृत्य माफी के लायक नहीं
ब्लैकमेलर गिरोह केपीड़ित इंजीनियर ने तहरीर में खुद को भी कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने लिखा कि उनसे गलती हो गई कि वह महिला के झांसे में आ गए। उनका कृत्य माफी के लायक नहीं है। लेकिन गिरोह किसी अन्य को अपना शिकार न बना सके, इसके लिए वह चाहते हैं कि गिरोह पर कार्रवाई हो। सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। गिरोह के सदस्यों को ट्रेस कर जेल भेजा जाएगा।
वीडियो कॉल करते समय बरतें यह सावधानी
- अनजान नंबर की वीडियो कॉल रिसीव न करें।
- अगर कॉल रिसीव कर ली गई है तो मोबाइल का कैमरा फ्रंट की बजाय रीयर मोड पर कर दें।
- अगर आपकी वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड कर दी गई है तो उसे फ्लैग कर दें। ऐसा करने पर 24 घंटे में यू-ट्यूब टीम उस वीडियो को यू-ट्यूब से हटा देगी।
- अगर झांसे में आकर वीडियो कॉल कर ली है तो ब्लैकमेल गैंग को पैसे न दें। तुरंत साइबर सेल को सूचित करें।