फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पासिंग आउट परेड : ट्रेनिंग हुई पूरी, अब असल इम्तिहान की बारी

विज्ञापन
गाजियाबाद। पुलिस लाईन नें दीक्षांत परेड का निरीक्षण करते एसएसपी कलानिधि नैथानी। फोटो: कुमार सं? - फोटो : GHAZIABAD City
विज्ञापन
पासिंग आउट परेड : ट्रेनिंग हुई पूरी, अब असल इम्तिहान की बारी
विज्ञापन

गाजियाबाद। छह माह की ट्रेनिंग के बाद 109 रिक्रूट आरक्षी पुलिस के बेड़े में शामिल हो गए। शुक्रवार को पुलिस लाइन में दीक्षांत समारोह व पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ, जिसमें 47वीं वाहिनी पीएसी के बैंड पर कदमताल कर आरक्षियों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने परेड का मान ग्रहण किया तो वहीं एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने आरक्षियों को कर्तव्य के प्रति ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण कराई। एसएसपी ने सभी आरक्षियों का उत्साहवर्धन कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अच्छा शरीर तथा मानसिक और आधारभूत प्रशिक्षण एक व्यक्ति को अच्छा पुलिसकर्मी बनाने के लिए नितांत आवश्यक है।
एसएसपी ने बताया कि आधारभूत प्रशिक्षण के लिए विभिन्न जनपदों के कुल 122 रिक्रूट आरक्षी गाजियाबाद के लिए आवंटित हुए थे। इनमें से 111 ट्रेनिंग के लिए उपस्थित हुए थे। इनमें अलीगढ़ के 24, हाथरस के 38, जालौन, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत से एक-एक, सहारनपुर के दो, कानपुर नगर के 8, मैनपुरी से 9, इटावा के 26 रिक्रूट शामिल थे। एक रिक्रूट आरक्षी लगातार अनुपस्थित रहा, जबकि एक अन्य का चयन सहायक अध्यापक के पद पर हो गया। फलस्वरूप 109 रिक्रूट आरक्षियों ने दीक्षांत परेड में प्रतिभाग किया। इन रिक्रूट्स का प्रशिक्षण 28 अगस्त 2020 से रिजर्व पुलिस लाइन गाजियाबाद में शुरू हुआ था। इन आरक्षियों को बदलते समाज के हिसाब से और नवीन तकनीक एवं नियम-कानून, विशेष अधिनियम एवं शस्त्रों के प्रयोग में दक्ष बनाने हेतु बारीकी से प्रशिक्षित किया गया।
विज्ञापन

कोरोनाकाल में चुनौतीपूर्ण था प्रशिक्षण
एसएसपी ने बताया कि गत वर्ष कोरोनाकाल में रिक्रूट आरक्षियों का प्रशिक्षण बेहद चुनौतीपूर्ण था। उन्हें कोविड-19 से बचाने और स्वस्थ रखने की चुनौती थी। इसके लिए उन्हें पौष्टिक भोजन के साथ-साथ इम्युनिटी बूस्टर दिया गया। जिसके चलते सभी आरक्षियों ने बिना कोरोना पॉजिटिव हुए प्रशिक्षण पूरा किया। एसएसपी ने उम्मीद जाहिर की कि सभी आरक्षी गरीब, जरूरतमंद और असहाय पीड़ित लोगों की मदद को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश व पुलिस विभाग का नाम रोशन करेंगे।
आरक्षी प्रमोद चुने गए सर्वांग सर्वोत्तम
प्रशिक्षण के दौरान आउटडोर व इनडोर परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले आरक्षी प्रमोद कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार से नवाजा गया। एसएसपी ने उन्हें प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रमोद कुमार के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए अन्य रिक्रूट आरक्षी और उनके ट्रेनर सम्मानित किए गए। दीक्षांत परेड समारोह के लिए आरआई (प्रतिसार निरीक्षक) ऊदल सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस लाइन के ग्राउंड को सजाया गया था। इस मौके पर एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, एसपी सिटी सेकंड ज्ञानेन्द्र सिंह, एसपी ट्रैफिक रामानन्द कुशवाहा, सीएफओ सुनील कुमार सिंह, सीओ लाइन अभय कुमार मिश्र व प्रतिसार निरीक्षक समेत जिले भर के समस्त अफसर मौजूद रहे।
विज्ञापन

इनसेट.....
खिल उठे परिजनों के चेहरे, चला सेल्फी का दौर
दीक्षांत समारोह व पासिंग आउट परेड के दौरान आरक्षियों के परिजनों के चेहरे खिल गए। परिवार के सदस्य के पुलिस में शामिल होने की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। वहीं, पुलिस का हिस्सा बनने पर आरक्षी भी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। अंत में घंटों तक पुलिस लाइन ग्राउंड में सेल्फी का दौर चला। इस एतिहासिक पल को सभी आरक्षियों व उनके परिजनों ने कैमरे में कैद किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें