थानाक्षेत्र के गांव नाहल में शनिवार दोपहर गिल्ली-डंडा खेलने के दौरान हुए मामूली से विवाद में सलमान (31) ने खानदानी चचेरे भाई शौकीन उर्फ मोटा (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सलमान खुद ही थाने जा पहुंचा और पुलिस को हत्या करके आने की बात बताई। सलमान की बात सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए। घटना तस्दीक करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने सलमान, उसके भाई साजिद व पिता सलीम समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गांव नाहल के मोहल्ला नाईयों वाला निवासी शौकीन उर्फ मोटा शादी-ब्याह में खाना बनाने का काम करता था। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह गली में गिल्ली-डंडा खेल रहा था। वहीं, उसका खानदानी चचेरा भाई सलमान भी मौजूद था। खेल-खेल में शौकीन की सलमान व गांव के ही शाहिद के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। शौकीन के भतीजे मोहसिन का कहना है कि सलमान का भाई साजिद, पिता सलीम और शाहिद लाठी-डंडे लेकर आ धमके और उसके चाचा शौकीन पर हमला कर दिया।
इसी बीच सलमान भागकर अपने घर पहुंचा और तमंचा लेकर आ गया। हमले के दौरान ही सलमान ने पेट से तमंचा सटाकर शौकीन को गोली मार दी। गोली लगने से शौकीन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से भाग गए। गंभीर हालत में शौकीन को पिलखुवा के रामा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
साहब! मैं शौकीन का मार आया हूं
सूचना मिलने पर पुलिस नाहल गांव में दौड़ पड़ी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई, लेकिन सलमान खुद ही मसूरी थाने पहुंच गया। उसने पुलिस से कहा कि वह शौकीन को मारकर आया है। उसे गिरफ्तार लो। पुलिस को उसकी बात पर उस वक्त यकीन नहीं हुआ, लेकिन घटना तस्दीक होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सलमान की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया।
हत्या करके लिया पिटाई का बदला
ग्रामीणों के मुताबिक, हत्यारोपी सलमान गांव में ही बिरयानी का ठेला लगाता है। घटना के बाद सलमान ने पुलिस ने बताया कि शौकीन अनापशनाप बातें कहकर उसका लोगों से झगड़ा कराता रहता था। शौकीन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की थी, जिसका बदला उसने शौकीन की हत्या करके लिया। वहीं, शौकीन की हत्या के बाद उसके परिवार में चीत्कार मच गई। परिजनों के मुताबिक शौकीन 10 व 5 वर्षीय दो बच्चों का पिता था। शौकीन के बच्चों व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
गिल्ली-डंडा खेलने के दौरान शौकीन व सलमान में विवाद हो गया था। शौकीन ने साथियों के साथ मिलकर सलमान के साथ मारपीट कर दी थी। इसी का बदला लेने के लिए सलमान ने घर से तमंचा लाकर शौकीन की हत्या कर दी। सलमान को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है।
- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण