कॉफी मशीन में विस्फोट, बाजार में मची भगदड़
गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी मुंसिफी के पास पत्तल मार्केट में बृहस्पतिवार शाम एक चाय की दुकान में रखी कॉफी मशीन में विस्फोट गया। धमाके की आवाज सुनकर बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। गनीमत रही कि विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक, प्रेमनगर निवासी पप्पू पुरानी मुंसिफी के पास पत्तल मार्केट में चाय की दुकान चलाता है। उसने दुकान में कॉफी की मशीन भी रखी हुई थी। बृहस्पतिवार शाम को पप्पू चाय देने बाजार में गया हुआ था। वह दुकान में कॉफी बनने रख गया था। थोड़ी ही देर बाद कॉफी मशीन में विस्फोट हो गया। धमाके के साथ विस्फोट देख बाजार में भगदड़ मच गई। धूल और धुएं का गुबार छंटने पर स्थानीय दुकानदारों ने मौके पर जाकर देखा तो किसी के घायल न होने पर राहत की सांस ली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई विस्फोट की वीडियो
कॉफी मशीन में विस्फोट की घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुछ ही देर बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं फैल गईं। नगर कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि घटना के वक्त दुकानदार मौके पर नहीं था। इस दौरान कॉफी मशीन का प्रेशर बढ़ने से वह फट गई। एसएचओ का कहना है कि घटना में किसी को चोट नहीं आई है।