रोडवेज का अस्थायी बस अड्डा बनेगा महामाया स्टेडियम के पीछे!
गाजियाबाद। रोडवेज बस अड्डा अब महामाया स्टेडियम के पीछे स्थानांतरित होगा। परिवहन निगम ने अस्थायी तौर पर नगर निगम से 10 हजार वर्ग मीटर जमीन मांगी है। परिवहन निगम इस जमीन का किराया भी चुकाने को राजी है। इस प्रस्ताव को अब नगर निगम की 17 फरवरी को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में ले जाकर सहमति ली जाएगी।
दरअसल, कौशांबी, गाजियाबाद और साहिबाबाद में रोडवेज बस अड्डों का पीपीपी मॉडल पर पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान परिवहन निगम को इन बस अड्डों को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ेगा। इसके लिए रोडवेज अधिकारियों को कौशांबी बस अड्डे के लिए 36500 वर्ग मीटर, गाजियाबाद बस अड्डे के लिए 10036 वर्ग मीटर और साहिबाबाद बस स्टेशन के लिए 43383 वर्ग मीटर जमीन निर्माण की अवधि तक अस्थायी तौर पर जरूरत है। परिवहन निगम ने बीते दिनों निरीक्षण के बाद महामाया स्टेडियम के पीछे खाली पड़ी जमीन में से 10 हजार वर्ग मीटर जमीन रोडवेज बस अड्डे के लिए अस्थायी तौर पर चिह्नित की है। उन्होंने नगरायुक्त दिनेश चंद्र से इस जमीन को उपलब्ध कराने की मांग की है। निगम अधिकारी प्रशासनिक स्तर पर जमीन किसी भी संस्था को नहीं दे सकते हैं, ऐसे में यह प्रस्ताव अब बोर्ड बैठक में ले जाया जाएगा। सदन की सहमति मिली तो जल्द ही पुराना बस अड्डा यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।
---
28 एकड़ जमीन पर झील-पिकनिक स्पॉट बनाने पर भी होगा मंथन
नगर निगम की बोर्ड बैठक में महामाया स्टेडियम के पीछे खाली पड़ी 32 एकड़ में से 28 एकड़ जमीन पर झील और पिकनिक स्पॉट विकसित करने का प्रस्ताव भी ले जाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर आने वाला खर्च जीडीए वहन करेगा। जीडीए की ओर से मिले प्रस्ताव को भी नगर निगम अधिकारी बोर्ड बैठक में पेश कर सदन की सहमति लेंगे। इस जमीन पर मालिकाना हक नगर निगम का ही रहेगा।
--
डूंडाहेड़ा और रमतेराम रोड की सरकारी जमीनों पर दुकानें बनाने का प्रस्ताव
नगर निगम आमदनी बढ़ाने के लिए डूंडाहेड़ा और रमतेराम रोड स्थित खाली जमीनों पर दुकानें बनाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा सकता है। नगर निगम पार्षद नरेश जाटव और राजीव शर्मा की ओर से यह प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखवाया जाएगा।
--
यह प्रस्ताव भी होंगे पेश
- इलेक्ट्रिक बस डिपो व चार्जिंग स्टेशन के लिए चिह्नित 2.6310 हेक्टेयर जमीन
कार्यदायी संस्था को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव।
- आईटीएमएस प्रोजेक्ट को 5 करोड़ रुपये देगा निगम।
- सेवा नगर में लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव।
- सफाई श्रमिकों के वेतनवृद्धि का प्रस्ताव।
- वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की स्थापना के लिए जमीन खरीदने की प्लानिंग।
---
टल सकती है बोर्ड बैठक
नगर निगम की 17 फरवरी को प्रस्तावित बोर्ड बैठक टल सकती है। दरअसल, विधानसभा सत्र शुरू हो जाने के कारण बोर्ड बैठक को स्थगित किया जा सकता है। स्थानीय विधायक भी नगर निगम के पदेन सदस्य होते हैं, ऐसे में सत्र चालू होने के कारण वह निगम की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि बृहस्पतिवार शाम तक महापौर की ओर से बैठक स्थगित करने का आदेश जारी नहीं हुआ था।