हड़ताल पर रहे बैंककर्मी, लोग हुए परेशान
गाजियाबाद। वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार से बैंकों में हड़ताल शुरू हो गई। शनिवार को हड़ताल के बाद रविवार को अवकाश होने से बैंक अब सोमवार को ही खुलेंगे। हड़ताल के चलते किसी तरह का लेनदेन बैंकों में नहीं हुआ और लोग परेशान रहे। आरडीसी में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया।
आरडीसी स्थित सिंडिकेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के सामने यूएफबीयू के दो दिन की देशव्यापी हड़ताल के आह्वान पर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रथम चरण के पहले दिन मजदूर विरोधी नीतियों और वेतन पुन:निर्धारण की वार्ता नकारे जाने से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला संयोजक सुनील गोयल ने बताया कि बैंक वालों का वेतन समझौता नवंबर 2017 से लंबित है। 27 माह में करीब 47 वार्ता सरकार से होने के बावजूद कोई निष्कर्ष नहीं निकला लेकिन इस बार बैंक कर्मचारी सरकार से आर-पार की लड़ाई को तैयार हैं। तीन दिन की लगातार हड़ताल 10, 11 व 12 मार्च को घोषित है, जिसमें बैंक करीब आठ दिन बंद रहेंगे। बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार नहीं मानती है तो एक अप्रैल से बेमियादी हड़ताल की जाएगी। यूपीबीईयू के जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि बैंक वालों से बैंकिंग के अलावा तमाम अन्य कार्य कराए जाते हैं, इसके बावजूद बैंक कर्मियों की सुनवाई नहीं होती। प्रदर्शन में पीके अग्रवाल, आदेश यादव, सुनील अग्रवाल, संजीव चौधरी श्यामनाथ झा, सुभाष बैंसला पुष्पेंद्र चौधरी, जनक कंबोज, विनोद भूषण, उदय प्रजापति, दीपक कुमार, उत्कर्ष आदि मौजूद रहे।
इंटरनेट के भरोसे रहा बैंकिंग कार्य
नवयुग मार्केट, आरडीसी, अंबेडकर रोड, जीटी रोड, गांधीनगर, कविनगर, गोविंदपुरम, विजयनगर सहित अन्य क्षेत्रों में बैंक बंद रहे। इस दौरान जरूरी कार्य से पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। इंटरनेट बैंकिंग से लोगों जरूरी लेन्र-देन किया। निकासी के लिए एटीएम से लोगों को राहत मिली।