काहिरा में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले डॉ संजय मित्तल
मिस्र घूमने गए नेशनल हाईवे -9 स्थित कोलंबिया एशिया अस्पताल के कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. संजय मित्तल की काहिरा में सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार सुबह हुए हादसे में उनकी पत्नी और बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। टूर में शामिल अस्पताल के ऑर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ. आशुतोष झा और उनके परिवार के सदस्य भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर दोनों ही चिकित्सकों के परिजन भी काहिरा पहुंच गए हैं। कोलंबिया अस्पताल से भी एक रेस्क्यू टीम काहिरा भेजी जा रही है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. वीबी जिंदल ने बताया है कि दोनों ही चिकित्सक एक साथ मिस्त्र घूमने गए थे। सीनियर कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. संजय मित्तल के साथ पत्नी निधि और बेटे मनक थे। जबकि सीनियर ऑर्थोपेडिक डॉ. आशुतोष झा, पत्नी डॉ. प्रीति झा व बेटी धृति के साथ यात्रा पर हैं। डॉ. संजय मित्तल वीपीएफ 03 शिप्रा बिस्टा प्लाजा अहिंसा खंड-1 इंदिरापुरम में परिवार के साथ रहते हैं। डॉ. आशुतोष एस 703 ओेएमक्स ट्वीन टावर सेक्टर-50 नोएडा में रहते हैं।
डॉ. आशुतोष कोलंबिया एशिया अस्पताल के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक में अपना क्लीनिक भी चलाते हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक गाजियाबाद से वह टूर के लिए शुक्रवार को गए थे। रविवार 28 दिसंबर की सुबह वह होटल से टूरिस्ट बस से घूमने निकले थे। उनकी बस तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में घायल डॉ. संजय मित्तल को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया जबकि अन्य घायल चिकित्सक और उनके परिवार के सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है।