मेरठ के युवक की मौत में ताऊ सहित पांच पर हत्या का मुकदमा
गाजियाबाद। एक साल पहले मेरठ के युवक की मौत के मामले में कविनगर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मृतक के ताऊ सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की मां का आरोप है कि उसका जेठ व अन्य रिश्तेदार शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने उनके बेटे को साथ ले गए और हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थाना किठौर मेरठ के गांव छुछई निवासी सरोज का कहना है कि पिछले वर्ष उनके बेटे नरेश के रिश्ते की बात चल रही थी। 19 अक्तूबर 2018 को नरेश की ताऊ सुक्के व अन्य रिश्तेदार नरेश को रिश्ते की बात कहकर साथ ले गए। 19 अक्तूबर की रात को ही नरेश ने फोन करके अपने साथ मारपीट की बात बताई थी और अगले दिन 20 अक्तूबर को उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। सरोज का कहना है कि उनके जेठ सुक्के सिंह जमीन के मामले में उनसे रंजिश रखते हैं और इसी रंजिश में उन्होंने अन्य रिश्तेदारों केसाथ मिलकर नरेश की हत्या की और उसे हादसे दिखाने के लिए शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिला बल
सरोज का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई थी। लिहाजा उन्होंने जेठ व अन्य रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कविनगर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। थाना पुलिस व अधिकारियों के यहां गुहार लगाने पर भी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें कोर्ट की मदद लेनी पड़ी। कविनगर एसएचओ अनिल कुमार शाही का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर सुक्के, उसके बेटे मूलचंद व राज सिंह के अलावा दीपेश व विपिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।