सीएचसी से दरोगा का नवजात पोता चोरी, हाईवे पर पांच घंटे जाम-हंगामा
मुरादनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला वार्ड से शनिवार तड़के सीआरपीएफ के दरोगा का नवजात पोता चोरी हो गया। घटना से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा कर दिल्ली-मेरठ हाईवे जाम कर दिया। उन्होंने अस्पताल कर्मियों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पांच घंटे बाद सीएचसी प्रभारी समेत 11 पर केस दर्ज होने तथा कार्रवाई का लिखित आश्वासन मिलने पर जाम खुला। वहीं, सीएमओ ने वार्ड आया और सफाईकर्मी को निलंबित करते हुए वार्ड ब्वॉय का ट्रांसफर कर दिया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो किन्नरों को हिरासत में लिया है।
सुराना गांव निवासी जयभगवान सिंह सीआरपीएफ में एसआई हैं। उनकी तैनाती आसाम में है। परिवार में पत्नी सावित्री, बेटा संदीप व नवीन और दो बेटियां है, जिसमें दोनों बेटी व संदीप की शादी हो चुकी है। संदीप की शादी एक साल पहले मीनू से हुई थी। संदीप ने बताया कि 25 अगस्त को उन्होंने गर्भवती पत्नी मीनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। जहां ऑपरेशन से बेटा पैदा हुआ। मीनू को महिला जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वार्ड में मीनू की ननद समेत सात महिलाएं भर्ती थीं। मीनू की ननद के भी ऑपरेशन से बेटा हुआ है। मीनू की सास सावित्री देवी ने बताया कि रात करीब तीन बजे बच्चा उनके पास बेड पर सो रहा था। करीब चार बजे आंख खुली तो देखा बच्चा गायब था। अस्पताल कर्मियों को सूचना देकर बच्चे की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बच्चा चोरी होने का पता लगने पर काफी संख्या में ग्रामीण सुबह करीब 6 बजे अस्पताल पहुंच गए और बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साए परिजनों ने साढ़े 8 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दिल्ली-मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके बाद एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, एडीएम प्रशासन रीतु सुहास, एसडीएम आदित्य प्रजापति, सीओ सदर केएन पांडे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक बच्चा नहीं मिलेगा, वह तब तक सड़क से नहीं हटेंगे।
मुझे बच्चा चोरी होने का सबसे ज्यादा दुख : अधीक्षक
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि जिस दिन मीनू अस्पताल में भर्ती हुई थी, बच्चे की धड़कन कम थी। उन्होंने तत्काल ऑपरेशन किया। उन्हें बच्चा चोरी होने का सबसे ज्यादा दुख है। यह केस खुलना चाहिए। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अस्पताल से बच्चा चोरी होना दुखद : विधायक
भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी ने कहा कि सरकारी अस्पताल से बच्चा चोरी होना दुखद घटना है। इसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिये। पुलिस जल्द से जल्द बच्चे को बरामद करे।