वैक्सीन न होने से सिर्फ 41 हजार का हुआ टीकाकरण
गाजियाबाद। कोरोना रोधी पर्याप्त वैक्सीन न मिलने के कारण सोमवार का टीकाकरण 143 केंद्रों पर 41583 पर ही थम गया, जबकि विभाग ने साठ हजार टीकाकरण का लक्ष्य रखा था। वैक्सीन की कमी से कई केद्रों पर दोपहर से ही लोग वापस लौटने लगे थे। तीन अगस्त को चलाए गए विशेष महाअभियान में 80 हजार वैक्सीन मिली थी। मंगलवार के लिए विभाग को 11 हजार वैक्सीन मिली है। आज स्लॉट के बजाए ऑन स्पॉट पंजीकरण के बाद टीकाकरण किया जाएगा।
सुबह आएगी, वैक्सीन इसलिए सिर्फ ऑन स्पॉट होगा टीकाकरण
सोमवार के महाअभियान के लिए विभाग ने 20 हजार स्लॉट खोले थे। अधिकांश स्लॉट बुक भी हो गए थे। प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल का कहना है कि स्लॉट बुकिंग करने वालों में 15 से 20 प्रतिशत लाभार्थी टीकाकरण कराने नहीं आते हैं। स्लॉट बुक करने वालों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि मंगलवार के लिए सुबह वैक्सीन मिलेगी। इस कारण से स्लॉट नहीं खोले गए हैं, केवल ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के जरिए ही वैक्सीनेशन किया जाएगा।
60 हजार के बजाए सिर्फ मिली थी 42 हजार वैक्सीन
विभाग को रविवार देर शाम तक 42 हजार वैक्सीन ही मिल पाई थी। सोमवार सुबह नौ बजे टीकाकरण शुरू हुआ, लेकिन दोपहर एक बजे तक केंद्रों पर वैक्सीन समाप्त हो गई थी। जबकि केंद्रों पर सुबह से ही लाभार्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। घंटाघर रामलीला मैदान, संयुक्त अस्पताल, महिला अस्पताल, राकेश मार्ग, डासना, मुरादनगर, मोदीनगर, विजय नगर, घूकना में केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही लोग पहुंच रहे थे।
एक लाख वैक्सीन की उम्मीद लगाए थे अधिकारी
सोमवार के अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद थी कि एक लाख डोज मिलेगी, लेकिन सिर्फ 42 हजार वैक्सीन मिल पाई थी। पहले महाअभियान में 79 हजार से अधिक टीकाकरण कर जिला प्रदेश में पहले स्थान पर आ गया था। इस सफलता के बाद अधिकारियों को उम्मीद थी कि दूसरे महाअभियान के लिए उन्हें पहले से ज्यादा डोज मिल जाएगा।