तीन अगस्त को एक लाख को लगेगी वैक्सीन
गाजियाबाद। तीन अगस्त को जिले में एक लाख लोगों के टीकाकरण करने की कवायद की जा रही है। हालांकि अभी पिछले एक महीने से एक दिन में सिर्फ 5 हजार से 25 हजार के बीच ही वैक्सीनेशन किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने यूनिसेफ के जिला समन्वयक मोहम्मद शादाब को कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया है। एक लाख लोगों का एक दिन में टीकाकरण करने के लिए कम से कम पांच सौ वैक्सीनेशन सेंटर की जरूरत होगी। अभी विभाग के पास सिर्फ 150 वैक्सीनेशन सेंटर हैं।
जुलाई में पचास हजार वैक्सीनेशन करने के लिए तीन मेडिकल कालेज के प्रशिक्षु छात्रों की मदद ली जानी थी, लेकिन वैक्सीन की कमी से योजना परवान नहीं चढ़ सकी और स्टाफ वापस कर दिया गया था। अब एक लाख का वैक्सीनेशन करने के लिए स्टाफ की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होगी। बृहस्तिवार को 10529 लोगों का टीकाकरण किया गया। बृहस्पतिवार को एक संक्रमित की पुष्टि हुई, जबकि डिस्चार्ज कोई नहीं हुआ।