ट्रक से कुचलकर दंपती और बच्ची की मौत, एक घायल
साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र के कोयल एंक्लेव गेट के सामने तेज रफ्तार अनियंत्रित सिलिंडर से भरे ट्रक ने बाइक सवार दंपती और एक बच्ची को रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल बच्ची का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
शब्बीर अहमद 45 अपने परिवार के साथ इरशाद गार्डन गरिमा गार्डन में रहते थे। मंगलवार सुबह वह पत्नी संजीदा 43 व रिश्तेदार की दो बेटी मुस्कान 11 और आसिफा 7 को बाइक पर लेकर लोनी छोड़ने के लिए जा रहे थे। उनके भाई शमशाद आलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जैसे ही वह टीलामोड़ थाना क्षेत्र के कोयल एंक्लेव के गेट पर पहुंचे, पीछे से आ रहे सिलिंडर से भरे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी और शब्बीर, संजीदा और मुस्कान को रौंदता हुआ फरार हो गया, जबकि आसिफा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर मृतकों के अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। शमशाद की ओर से टीलामोड़ थाने में ट्रक के नंबर के आधार पर तहरीर दी है। एसएचओ टीलामोड़ ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मातम में बदली खुशी
लोनी की मुस्तफाबाद कॉलोनी में रहने वाले मुख्तार आलम ने बताया कि उनकी तीन बेटी और एक बेटा हैं। सोमवार को गरिमा गार्डन में पत्नी के फूफा शब्बीर अहमद के यहां पर बच्चे का जन्मदिन था। वहां पर परिवार समेत शिरकत करने गए थे। सभी ने यहां पर खुशियां मनाई। इसके बाद देर रात को वह एक बेटी और एक बेटे व पत्नी के साथ लोनी लौट गए। जबकि मुस्कान और आसिफा वहीं रुक गए। मंगलवार सुबह शब्बीर दोनों बेटी और फूफी के साथ लोनी छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। फोन पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। मुस्कान सबसे बड़ी थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खुशियां मातम में बदल गईं।