महंगाई की मार : गाजियाबाद में पेट्रोल 100 रुपये के पार
गाजियाबाद। महंगाई की मार झेल रहे लोगों को रसोई गैस के बाद पेट्रोल ने दोहरा झटका दिया है। दो दिन पहले रसोई गैस के दामों में 26 रुपये प्रति सिलिंडर की बढ़ोतरी हुई। अब शुक्रवार को गाजियाबाद में पेट्रोल ने नई ऊंचाईयों को छुआ। पेट्रोल एक्स्ट्रा प्रीमियम 100 रुपये प्रति लीटर के पार चला गया। जबकि सामान्य पेट्रोल 96.22 रुपये प्रति लीटर बिका। पेट्रोलियम उत्पाद की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। उधर, कीमतों में बढ़ोतरी पर विपक्ष ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों का कहना है कि जनता कोरोना के बाद महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकारें चुप्पी साधे बैठी हैं।
सामान्य पेट्रोल की बात की जाए 15 महीने में पेट्रोल की कीमतों में 22 रुपये प्रति लीटर से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। एक मार्च 2020 को गाजियाबाद में सामान्य पेट्रोल 73.72 पैसे था। जबकि एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल 78.10 पैसे प्रति लीटर, लेकिन शुक्रवार को रिकॉर्ड 100.24 पर पहुंच गया। इस तरह से एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल भी 22.14 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसी तरह से डीजल के दामों में 24.84 की इजाफा हुआ है। डीजल भी एक मार्च 2020 को 64.69 रुपये प्रति लीटर था जो अब 89.53 प्रति लीटर पर पहुंच गया।
महंगा होगा माल भाड़ा
पेट्रोल के साथ ही डीजल की कीमतें भी तेजी से बढ़ रही हैं। इसका सीधा असर अब माल भाड़े पर पड़ सकता है। खासकर स्थानीय स्तर पर लोकल मॉल भाड़ा ट्रांसपोर्टर बढ़ा सकते है, जिससे कुछ चीजें सीधे तौर पर महंगी हो जाएंगी। इसमें स्थानीय स्तर फल-सब्जी, किराना का सामान व अन्य सभी तरह के माल की ढुलाई महंगी होगी, जिसका सीधा असर कीमतों पर भी पड़ेगा।
एक साथ खड़े हों ट्रांसपोर्टर
पूरा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय इस वक्त बुरे दौर से गुजर रहा है। कई ट्रांसपोर्टर को तय रूट के मुताबिक माल भाड़ा मिलता है, जबकि कुछ रास्ते खराब होने से डीजल की खपत अधिक होती है। पेट्रोल के साथ डीजल की कीमतें भी बढ़ रही हैं जिसका सीधा असर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर पड़ रहा है। क्योंकि माल भाड़ा नहीं बढ़ाया गया है। अब समय आ गया है जब सभी ट्रांसपोर्टर एक साथ खड़े होकर अपनी बात रखेंगे। - सौदान सिंह गुर्जर, अध्यक्ष, गाजियाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन