गाजियाबाद : दुहाई में रैपिड रेल कॉरिडोर में आई 80 दुकानें टूटेंगी
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ हाईवे पर रैपिड रेल कॉरिडोर के बराबर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी है। दुहाई में रैपिड रेल कॉरिडोर के बराबर बनी 80 दुकानों को जीडीए ने नोटिस जारी किया है। यह दुकानें रैपिड रेल कॉरिडोर के निर्माण और हाईवे के चौड़ीकरण में बाधा बन रही हैं। नोटिस का जवाब न देने और जमीन संबंधी दस्तावेज न होने पर जीडीए की ओर से कार्रवाई तय मानी जा रही है।
जीडीए ओएसडी संजय कुमार का कहना है कि प्रवर्तन जोन दो की टीम ने दुहाई में निरीक्षण के दौरान हाईवे से सटी 80 दुकानों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया है। यह दुकानें रैपिड रेल कॉरिडोर प्रोजेक्ट में रुकावट बन रही हैं। मास्टर प्लान 2021 में दिल्ली मेरठ हाईवे के दोनों ओर 30-30 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है। मामले में अर्पित अग्रवाल, बृजेश शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, कृष्णा, विनोद मेहरा, अमित चौधरी, अजय चौधरी, अमरपाल, सागर यादव, प्रदीप कुमार, सतपाल चौधरी, शिव शंकर शर्मा सहित 13 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संचालित की जा रही अधिकांश दुकानों में भू उपयोग कृषि है। ऐसे में नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर स्वीकृति संबंधी दस्तावेज देने के आदेश दिए गए हैं। दस्तावेज जमा न करने और नोटिस का जवाब न देने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।