जमानत पर बाहर बुजुर्ग की दाढ़ी काटने का आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार
लोनी। बंथला राम विहार कॉलोनी में बुजुर्ग की दाढ़ी काटने वाले जमानत पर बाहर आरोपी कल्लू गुर्जर को पुलिस ने शनिवार रात बेहटा हाजीपुर नहर अंडरपास से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, बाइक और कारतूस बरामद किया है। आरोपी पर आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बॉर्डर थाना एसएचओ अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस शनिवार रात करीब एक बजे टीला शाहबाजपुर गांव में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार पुलिस की तरफ फायरिंग कर बेहटा नहर अंडरपास की तरफ भागने लगा। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बाइक सवार को पकड़ा। बाइक पर बंथला रामविहार कॉलोनी में 5 जून को बुजुर्ग अब्दुल समद की दाढ़ी काटने वाला आरोपी कल्लू गुर्जर था। पुलिस ने आरोपी से तमंचा बरामद किया। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के पास चोरी की बाइक थी। आरोपी पर पूर्व में हत्या, गैंगस्टर, पुलिस पर हमला करना, बुजुर्ग के साथ मारपीट और दाढ़ी काटने समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी बुजुर्ग के दाढ़ी काटने के मामले में जमानत पर आया हुआ है। आरोपी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस आरोपी पर दर्ज और भी अन्य मामलों की जानकारी कर रही है।