चाकू के बल पर युवती से दुष्कर्म
मसूरी। डासना देहात की एक कॉलोनी में चाकू की नोक पर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसी बीच युवती का पिता घर पहुंच गया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। युवती के परिजनों का आरोप है कि आरोपी के घर शिकायत करने जाने पर उसके पिता व भाई ने उल्टे उन्हें जान से मारने की धमकी दी। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी और उसके पिता समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में युवक ने कहा है कि दोपहर के वक्त उसकी 21 वर्षीय बहन घर में अकेली थी। इसी दौरान कॉलोनी में ही रहने वाला शहजाद घर में आ घुसा। चाकू से आतंकित कर आरोपी ने उसकी बहन के साथ दुष्कर्म किया। युवक का कहना है कि इसी दौरान उसके पिता घर आ गए। आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर-शराबा होने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित का कहना है कि जब वह आरोपी के घर शिकायत करने गए तो उसके पिता यूनुस व भाई जाहिद ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सीओ सदर कमलेश पांडे का कहना है कि पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी शहजाद के खिलाफ दुष्कर्म और उसके पिता व भाई के खिलाफ धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।