65 ग्राम प्रधान और 752 ग्राम पंचायत सदस्यों ने ली शपथ
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिले में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में जीते ग्राम प्रधानों को मंगलवार को शपथ दिलाई गई। कोरोना के कारण शपथ ग्रहण समारोह पूरी तरीके से ऑनलाइन रखा गया। नवनिर्वाचित प्रधान और सदस्यों को जूम ऐप के जरिए शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह गांव के पंचायत भवन, सामुदायिक भवन एवं प्राथमिक स्कूलों में रखा गया। जहां कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए समारोह संपन्न कराया गया। जिले के 161 ग्राम प्रधानों में से 65 ग्राम प्रधान और 752 ग्राम पंचायत सदस्यों ने शपथ ली। बाकी बचे हुए ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होने के बाद शपथ लेंगे। कोरोना का प्रकोप पूरे प्रदेश में फैला हुआ है। यही वजह है कि नवनिर्वाचित प्रधानों और सदस्यों को पहली बार ऑनलाइन शपथ दिलाई गई है। इससे पहले कभी ग्राम प्रधानों को ऑनलाइन शपथ नहीं दिलवाई गई। प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए वर्चुअल
शपथ दिलाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को रजापुर ब्लाक में जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, लोनी में मनोज कुमार त्यागी, मुरादनगर में अजितेश कुमार सिंह, भोजपुर में फैजल आलम ने प्रधान और सदस्यों को ऑनलाइन शपथ दिलाई। जिन पंचायत में दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्य नहीं हैं, उनके ग्राम प्रधानों ने शपथ नहीं ली। पहले वहां सदस्यों का चुनाव होगा, उसके बाद शपथ ली जाएगी। तब तक वहां का विकास कार्य भी प्रभावित रहेगा।
- महामारी से निपटने का लिया संकल्प
अधिकतर ग्राम प्रधानों ने शपथ लेने के बाद गांव में कोरोना से निपटने का संकल्प लिया। प्रधानों ने कहा कि कोरोना से लड़ना पहली चुनौती है। प्रत्येक गांव के व्यक्ति को सुरक्षित रखा जाएगा। सभी ग्रामवासी मिलकर इस महामारी की रोकथाम के लिए पूरा प्रयास करेंगे ताकि हमारी ग्राम सभा कोरोना मुक्त हो सके। साथ ही कहा कि हमारा प्रयास होगा कि ग्रामीणों में इस महामारी का डर निकाला जाए और उन्हें ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जाए ताकि गांव में ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सके। इसके अलावा गांव का विकास और ग्रामीणों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होगी।