जीटी रोड पर डिवाइडर से टकराकर पलटा ट्रक, लगा भीषण जाम
साहिबाबाद। जीटीरोड पर अर्थला यूटर्न पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक चोटिल हो गया। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। बीच सड़क पर ट्रक पलटने से बृहस्पतिवार सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार लगी रही। मोहननगर से गाजियाबाद जाने वाले चालकों को घंटों जाम में जूझना पड़ा। दोपहर बाद पुलिस ने क्रेन से ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
बुधवार देर रात एक ट्रक दिल्ली की ओर से जीटीरोड होते हुए गाजियाबाद की ओर जा रहा था। रात को बारिश अधिक हो रही थी। इस दौरान जैसे ही ट्रक अर्थला यूटर्न के पास पहुंचा, डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक ओमवीर चोटिल हो गया। जिसे राहगीरों ने पास के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि बारिश होने के कारण सड़क पर बना यू टर्न नही दिखा। जिससे यह हादसा हुआ। सुबह सड़क के बीच में पलटे होने से मोहननगर से गाजियाबाद जाने वाला रास्ता बाधित हो गया। दोपहर करीब 12 बजे के बाद पुलिस क्रेन लेकर मौके पर पहुंची। इसके बाद ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। एसएचओ साहिबाबाद विष्णु कौशिक ने बताया कि हादसे में चालक चोटिल है। ट्रक को हटवाकर यातायात व्यवस्थित कराया गया है।