रंगदारी के लिए भेजी तीसरी चिट्टठी, साथ में कारतूस भी
गाजियाबाद। दिल्ली के अजमेरी गेट मार्केट में मोटर पंप का कारोबार करने वाले विजयनगर क्षेत्र निवासी हरकेश लूथरा को एक और धमकी भरी चिट्ठी मिली है। शादी के कार्ड में पूर्व में भेजी गई दो चिट्ठियों में दिल्ली के गैंग 786 ने कारोबारी को दिल्ली से कारोबार न समेटने पर बेटे समेत हत्या की धमकी दी थी, लेकिन सोमवार देरशाम शादी के कार्ड में भेजी चिट्ठी में 25 लाख रुपये की रंगदारी (चौथ) मांगी है। गैंग 786 के बदमाश जावेद अंसारी ने चिट्ठी में लिखा है कि उसकी बातों को हल्के में लिया तो बेमौत मारा जाएगा। चुपचाप रकम लेकर आ जाना। पुलिस के चक्कर में मत पड़ना। 18 दिन में धमकी भरी तीन चिट्ठी भेजने वाले गिरोह से जहां कारोबारी का पूरा परिवार दहशत में है, वहीं पुलिस उसे ट्रेस नहीं कर पाई है।
विजयनगर के प्रताप विहार निवासी हरकेश लूथरा के मुताबिक, सोमवार रात एक व्यक्ति ने मोहल्ले के एक बच्चे को 50 रुपये देकर उनके घर शादी का कार्ड भिजवाया। उसे खोलकर देखा तो उसमें एक चिट्ठी और एक गोली निकली, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। बच्चे से पूछताछ करने पर वह अज्ञात शख्स के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद उन्होंने विजयनगर पुलिस को तीसरी चिट्ठी मिलने की सूचना दी। हरकेश लूथरा का कहना है कि अनजान आरोपी उन्हें पूर्व में भी 30 अप्रैल और सात मई को धमकी भरी दो चिट्ठियां भेज चुका है, जिनमें उन्हें दिल्ली से कारोबार समेटने की और बात न मानने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित का कहना है कि हर बार शादी के कार्ड में रखकर ही आरोपी उन्हें चिट्ठी भेज रहा है। जिससे वह और उनका परिवार खौफजदा है। दहशत की वजह से परिवार के लोगों ने घर से निकलना भी बंद कर रखा है।
पुलिस किसी की नहीं होती, इसके चक्कर में मत पड़ना
कारोबारी का कहना है कि गैंग 786 ने चिट्ठी में लिखा है कि उनके खलीफा हाजी तसलीम ने ईद पर कहा था कि किसी शरीफ को मारना सही नहीं है। इसलिए हमने ये फैसला किया है कि हम तुझे मारेंगे नहीं। जो लोग तुझे मरवाना चाहते हैं, उनमें से दो दिल्ली और एक यूपी का है। हमने गाजियाबाद में बहुत लोग पैसे लेकर मारे हैं। पहली हत्या हमने गाजियाबाद में फिरोज सिद्दीकी और दूसरी हत्या 10 साल पहले एक व्यक्ति की गर्दन काटकर की थी। उसकी लाश को गोशाला फाटक के पास खेत में फेंक दिया था। चिट्ठी में लिखा है कि पुलिस किसी की नहीं होती, लिहाजा इसके चक्कर में मत पड़ना।
हम जो जगह बताएं, वहां 25 लाख लेकर आ जाना
चिट्ठी में कारोबारी से कहा गया है कि तू हमें 25 लाख रुपये दे देगा तो हम तुझे छोड़ देंगे। यह तुझ पर हमारा एहसान होगा। हमसे मिलकर चलेगा तो फायदे में रहेगा। पुलिस के चक्कर में पड़ा तो कुत्ते की मौत मारा जाएगा। चिट्ठी में लिखा है कि यह तीसरी और आखिरी चिट्ठी है। हम फोन करेंगे। जो जगह बताएं, वहां पैसे लेकर आ जाना। चिट्ठी के बारे में पुलिस को बताया तो तेरे परिवार को खतरा है। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि पहली चिट्ठी मिलने के बाद ही केस दर्ज कर लिया गया था। थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच को भी घटना के खुलासे में लगाया गया है।