कोरोना काल में जान बचाने की जद्दोजहद में जुटे लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर जीवनरक्षक दवाइयों और ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी बदस्तूर जारी है। इसी कड़ी में सिहानी गेट पुलिस ने ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है तो वहीं, कविनगर पुलिस ने भी ऑक्सी फ्लो मीटर कई गुना अधिक दाम में बेचने के आरोप में दो आरोपी दबोचे हैं। आरोपियों के कब्जे से 20 ऑक्सीफ्लो मीटर तथा चार ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद हुए हैं।
सीओ सेकेंड अवनीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात मुखबिर ने सूचना दी कि दिल्ली निवासी दो युवक लोहियानगर में ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी करने आए हैं। लोहिया नगर चौकी इंचार्ज बृजकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कांबिंग शुरू की। हमदर्द फैक्टरी के पास से संदिग्ध कार सवारों को रोकने का इशारा किया तो वह भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान सदर बाजार नार्थ दिल्ली निवासी राहुल और हिमांशु के रूप में हुई।
कार की तलाशी लेने पर उसकी डिग्गी में ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद हुए, जिसके बारे में पूछने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वह जरूरतमंदों की मजबूरी का फायदा उठाकर सिलिंडर ब्लैक करते हैं। सीओ ने बताया कि आरोपियों को ऑक्सीजन सिलिंडर की सप्लाई दिल्ली निवासी अमनदीप करता था। आरोपी 45 से 50 हजार रुपये में ऑक्सीजन सिलिंडर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे। बरामद सिलिंडर को राजनगर एक्सटेंशन में किसी शख्स को बेचा जाना था।
दूसरे मामले में सीओ कविनगर अभय कुमार मिश्र ने बताया कि कविनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान केडीबी चौराहे के पास से कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमें बाबरपुर दिल्ली निवासी जुनैद और मौजपुर दिल्ली निवासी शोएब फैयाज शामिल हैं। सीओ का कहना है कि आरोपी कोरोना काल में बढ़ी ऑक्सी फ्लो मीटर की किल्लत का फायदा उठाकर इन्हें मंहगे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे। एक हजार रुपये कीमत के ऑक्सी फ्लो मीटर को आरोपी 10 से 15 हजार रुपये में बेचते थे। आरोपियों के कब्जे से 20 ऑक्सी फ्लो मीटर बरामद हुए हैं।