- डॉक्टर मिथिलेश कुमार के मुताबिक होम आइसोलेशन के मरीजों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। डॉक्टर के निरंतर संपर्क में बने रहना चाहिए।
- 94 से 90 फीसदी ऑक्सीजन लेवल तक अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर ऑक्सीजन की डोज देने से बचें। आपातकाल के लिए घर में ऑक्सीजन का प्रबंध कर सकते हैं।
- 90 फीसदी से नीचे ऑक्सीजन लेवल आने पर इलाज के लिए तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें और सलाह लेकर ऑक्सीजन देने की पूरी प्रक्रिया समझ लें।
- बिना चिकित्सीय सलाह के लंबे समय तक मरीज को ऑक्सीजन न दें। तीन-चार घंटे के भीतर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराएं।
- डायबिटीज, बीपी, ट्रांसप्लांट व 65 साल से ज्यादा आयु वाले मरीजों को 94 फीसदी से कम ऑक्सीजन लेवल पहुंचते ही अस्पताल में भर्ती कराएं।
- बिना डॉक्टरी सलाह के रेमडेसिविर का स्वयं घर पर उपयोग न करें। इसके साइड इफेक्ट भी हैं।
संक्रमण बढ़ने के संकेत हैं ऑक्सीजन की जरूरत
कोविड-19 के दौरान अस्पतालों में बेड की मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार का कहना है कि मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ना इस बात के संकेत हैं कि संक्रमण बढ़ रहा है। शुरुआती दौर में जब मरीज को बाहर से ऑक्सीजन दी जाती है तो उसका ऑक्सीजन लेवल बढ़कर 97-98 तक आ जाता है। तब फेफड़े अच्छा रिस्पांस देते हैं। परिजनों को लगता है कि अब मरीज ठीक हो रहा है।
कुछ घंटों बाद जब बीमार फेफड़े जबरदस्ती काम करने से थक जाते हैं तो वह रिस्पांस कम करने लगते हैं और मरीज का ऑक्सीजन स्तर घटने लगता है। ऐसे में मरीज को तत्काल बेहतर इलाज दिलाए जाने की जरूरत होती है। घर पर ऑक्सीजन लगाकर संक्रमण ठीक होने का इंतजार करने की बजाय डॉक्टर से कंसल्ट करें और जरूरत हो तो दवा बदलें, ताकि संक्रमण ज्यादा बढ़ने से पहले काबू कर लिया जाए। संक्रमण की स्थिति देखकर दवा की डोज तय की जाती है।
केस हिस्ट्री -1
भोपुरा स्थित डीएलएफ कॉलोनी में रहने वाले वीरपाल शर्मा परिवार के अन्य लोगों के कोविड पॉजिटिव होने पर बीमार हुए थे। बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल में बेड न मिलने की वजह से कड़कड़डूमा दिल्ली के एक डॉक्टर से टेलीमेडिसिन लेकर इलाज शुरू किया। अगले दिन उनकी हालत और बिगड़ गई और ऑक्सीजन लेवल 85 फीसदी पर पहुंच गया। ब्लैक में सिलिंडर लेकर ऑक्सीजन की डोज शुरू की। अगले दिन ऑक्सीजन का स्तर 75 फीसदी पर पहुंच गया। दोबारा ऑक्सीजन सिलिंडर का इंतजाम कर डोज शुरू की गई। अगले दिन सुबह उनका निधन हो गया।
केस हिस्ट्री-2
नेहरू नगर निवासी 32 साल के एक युवक सनी ने कोविड पॉजिटिव होने पर होम आइसोलेशन में इलाज शुरू किया। दो दिन दवा लेने के बाद भी तबीयत बिगड़ती चली गई। अस्पताल में बेड न मिलने की वजह से सही इलाज नहीं मिला। ऑक्सीजन का स्तर 80 पर पहुंच जाने के बाद परिजनों ने सिलिंडर का इंतजाम किया और ऑक्सीजन देनी शुरू की। अगले दिन दोपहर बाद स्थिति और बिगड़ गई तो मेरठ के एक अस्पताल में सनी को भर्ती कराया गया। दो दिन बाद उसका निधन हो गया।