कारोबारी को शादी के कार्ड में चिट्ठी भेज फिर दी हत्या की धमकी
गाजियाबाद। वही तरीका, वही अंदाज लेकिन तेवर पहले से तल्ख। प्रताप विहार निवासी मोटर पंप कारोबारी हरकेश लूथरा को एक बार फिर शादी के कार्ड में चिट्ठी भेजकर हत्या की धमकी दी गई है। एक सप्ताह में दूसरी बार दिल्ली के गैंग 786 की तरफ से मिली धमकी से कारोबारी का परिवार दहशत में है तो पुलिस भी टेंशन में आ गयी है। चिट्ठी में सीलमपुर दिल्ली निवासी जावेद अंसारी ने लिखा है कि जहां भागना है भाग ले। वह न तो नेता से डरता है और न ही पुलिस से। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी घटना के खुलासे में लगा दिया है।
प्रताप विहार ई-ब्लॉक निवासी हरकेश लूथरा अजमेरी गेट मार्केट दिल्ली में मोटर पंप का कारोबार करते हैं। गत 30 अप्रैल को उनका बेटा जैसे ही घर के पास पहुंचा तो एक व्यक्ति ने उसे शादी का कार्ड थमा दिया। उसमें एक चिट्ठी लिखी थी। चिट्ठी में धमकी देने वाले ने खुद को दिल्ली के गैंग 786 से बताते हुए अपना नाम सीलमपुर निवासी जावेद अंसारी बताया। उसमें लिखा कि दिल्ली से काम-धंधा बंद कर गाजियाबाद चला जा। 20 दिन में अगर दिल्ली नहीं छोड़ी तो उसे व उसके बेटे को जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। कारोबारी का परिवार अभी धमकी की दहशत से उबर नहीं पाया कि गत 7 मई को उनके घर में एक और शादी का कार्ड पड़ा मिला। कार्ड खोलने पर उसमें पहले की तरह हाथ से लिखी हुई एक धमकी भरी चिट्ठी थी। यह चिट्ठी भी जावेद अंसारी की तरफ से थी। उसने पहली धमकी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने पर नाराजगी जाहिर करते हुए फिर से हत्या की धमकी दी है।
तूने हमें हाईलाइट कर दिया, हम यही चाहते थे
चिट्ठी में लिखा है कि हम तुझे जरूर मारेंगे क्योंकि जो ठेका लेते हैं उसे हर हाल में पूरा करते हैं। तूने हमें हाईलाइट कर दिया। हम यही चाहते थे क्योंकि हमारा बाप फिरोज अंसारी भी बदमाश था। हत्या करना हमारा खानदानी काम है। तूने किसी का हक मारा है और यह हक हम दिलाकर रहेंगे। तुझे बदला जरूर लिया जाएगा। गाजियाबाद में फील्डिंग बिछाकर तेरे साथ-साथ अब तुझे सपोर्ट करने वाले लोगों को भी मारेंगे।
जो कार्ड तू देख रहा है, वह कबाड़ी के यहां से उठाया था
पहली बार जिस शादी के कार्ड में चिट्ठी भेजी गई थी, उस पर चांदनी और हैदर खान की 19 मई की शादी का जिक्र था। साथ ही आफताब खां निवासी मोहल्ला केसरवानी, कस्बा फफूंद जिला औरेया का पता लिखा था। इस बार भेजे शादी के कार्ड पर नानकचंद निवासी गाजियाबाद लिखा है, जिसमें 18 फरवरी को सरिता और अयूज की शादी का जिक्र था। पहले की तरह इस कार्ड पर भी शादी की तारीख और मोबाइल नंबर से छेड़छाड़ की गई है। इस बार मिली चिट्ठी में कारोबारी से कहा है कि जो कार्ड तू देख रहा है, वह कबाड़ी के यहां से उठाया था।
हमारी तुझसे कोई दुश्मनी नहीं है, दिल्ली छोड़ दे
चिट्ठी में हरकेश लूथरा के लिए लिखा गया है कि हमारी तुझसे कोई दुश्मनी नहीं है। तेरी मदद करने वाले लोगों से भी हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। तू खुद ही मरना चाहता है और उनको भी मरवाना चाहता हज। तेरे पीछे पूरा परिवार है, इसलिए एक मौका और दे रहे हैं। चुपचाप दिल्ली छोड़ दे। दूसरी बार चिट्ठी मिलने पर पीड़ित कारोबारी में पुलिस को अवगत कराते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
कोई जानकार या करीबी हो सकता है शामिल.......
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विजयनगर पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच को भी घटना के खुलासे में लगा दिया है। पुलिस का मानना है कि पूरे घटनाक्रम के पीछे कारोबारी के किसी करीबी या जानकार का हाथ हो सकता है। सीओ प्रथम महिपाल सिंह का कहना है कि सभी बिंदुओं पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।