छह की मौत, 686 मिले नए संक्रमित
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण से जिले में शुक्रवार को छह लोगों की मौत हो गई। सप्ताह भर में ऐसा दूसरी बार है जब 10 से कम मौत जिले में हुई हैं। इससे पहले 3 मई को पांच मौत की पुष्टि की गई थी। जिले में अब तक कुल 309 मौत कोरोना से हुई हैं। शुक्रवार को 686 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में में कुल संक्रमितों की संख्या 46712 पहुंच गई है। विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में 6707 सक्रिय संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
887 हुए कोरोना मुक्त : शुक्रवार को 887 लोग कोरोना मुक्त हुए। जिले में कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 39695 पर पहुंच गई है।
----
संक्रमण दर बढ़ी पर जांच हुई कम
जिले में कोरोना संक्रमण की दर 17 के आसपास पहुंच गई है लेकिन पिछले कुछ दिनों में जांच घटी हैं। फरवरी से अप्रैल मध्य तक जिले में छह हजार कोरोना की जांच प्रतिदिन हो रही थीं लेकिन अब चार से साढ़े चार हजार जांच ही हो पा रही हैं। जिला एमएमजी में करीब 11 कर्मियों के संक्रमित निकलने के बाद जांच भी जांच की संख्या घटी। हालांकि एमएमजी से घंटाघर रामलीला मैदान में जांच शुरू की गई हैं। इसके अलावा कमला नेहरूनगर स्थित सीजीएचएस डिस्पेंसरी में कोरोना की जांच की जा रही है। निजी लैब से घर जाकर सैंपिंलग बिल्कुल बंद है। इसके अलावा राजनगर, राकेश मार्ग, नेहरूनगर, विजयनगर सहित अन्य क्षेत्रों में स्टाफ के संक्रमित निकलने के बाद जांच बंद कर दी गई हैं।
-----
स्वीगी, जमेटो वाले पहुंचाएंगे मेडिकल किट
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कोरोना की जांच करने वाले लैब संचालकों के साथ बैठक की। इस दौरान जांच के लिए आने वाले लोगों को मेडिकल किट देने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी सी. पांडियन ने बैठक के दौरान कहा कि लैब पर आने वाले सभी संदिग्ध मरीजों को किट दी जाएगी। इसके अलावा घर पर सैंपलिंग के दौरान भी किट का वितरण कराया जाएगा। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को जोमैटो, स्वीगी जैसे होम डिलीवरी देने वाली कंपनियों से किट का वितरण कराया जाएगा।